Bihar Local News Provider

फुलवरिया में महिला मुखिया से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज

फुलवरिया थाना क्षेत्र के लछन टोला गांव में महिला मुखिया के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। इस घटना के बाद मुखिया ने भागकर अपनी जान बचाई। इस संबंध में थाने में मुखिया के बयान पर पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार फुलवरिया प्रखंड के बैरागी टोला पंचायत की मुखिया मंजू देवी नल-जल योजना की समीक्षा कर रही थी। इसी बीच लछन टोला गांव के मणिसेन मांझी के नेतृत्व में पांच लोग मुखिया के पास पहुंच गए तथा पूर्व में दर्ज कराए गए रंगदारी का मुकदमा वापस लेने के लिए मुखिया पर दबाव बनाने लगे। मुखिया ने जब केस वापस लेने से इन्कार किया तो सभी आरोपित ने मुखिया के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की। जिसके बाद मुखिया ने भागकर अपनी जान बचाई। दर्ज प्राथमिकी में मुखिया ने आरोपित पांच लोगों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में मणिसेन मांझी, चंद्रमोहन मांझी, मंगल मांझी, रतिमान मांझी सहित पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।