Bihar Local News Provider

विजयीपुर: बेटी को महाराजगंज ले जाकर पिता ने गला रेता

विजयीपुर थाना क्षेत्र के सुदामाचक गांव से बाइक पर बैठाकर अपनी बेटी को महराजगंज जिले के सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के भोथहा जंगल के किनारे ले जाने के बाद पिता ने उसका गला रेत दिया। शनिवार की सुबह महारागंज पुलिस ने गंभीर हालत में किशोरी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद किशोरी ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी महाराजगंज पुलिस को दिया। महाराजगंज पुलिस से इस घटना की जानकारी जिला पुलिस को होने की भनक लगते ही अपनी बेटी का गला रेतने के बाद घर बाद घर लौटा आरोपित पिता फरार हो गया। आरोपित मूल रूप से महाराजगंज जिले का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ नेवरसा पर सुदामाचक गांव में रहता है। महराजगंज पुलिस से सूचना मिलने के बाद विजयीपुर थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे महाराजगंज से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
बताया जाता है कि महाराजगंज जिले के बासी थाना क्षेत्र के पिपरासी गांव निवासी शंभू राम नेवरसा पर विजयीपुर थाना क्षेत्र के सुदामाचक गांव में अपने परिवार के साथ रहता है। इसकी दो बेटियां हैं बड़ी बेटी 16 वर्षीय पुनीता कुमारी तथा नौ वर्षीय स्नेहा कुमारी। शंभू राम पंजाब में नौकरी करता है। चार दिन पूर्व ही यह पंजाब से अपने घर सुदामाचक आया। बताया जाता है कि गांव आने पर उसे अपनी बेटी के प्रेस प्रसंग के बारे में पता चला। इस संबंध में पूछताछ करने पर बेटी पुनीता अपने पिता पर अपने प्रेमी इसी गांव के निवासी सुभाष राम से शादी करने के लिए दबाव बनाने लगी। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह शंभू राम अपनी बेटी को बाइक पर बैठाकर अपने पुस्तैनी गांव पिपरासी जाने की बात कह घर से निकला तथा देर रात अकेले अपने घर लौट आया। परिजनों ने पुनीता के बारे में पूछा तो उसने पिपरासी में ही उसे छोड़ आने की बात कही। इसी बीच शनिवार की सुबह महराजगंज जिले के सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के भोथहा जंगल के किनारे खून से लथपथ बेहोशी में पड़ी एक किशोरी को देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में होश में आने के बाद किशोरी ने पुलिस को अपना नाम पता बताया। उसने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती है और प्रेमी से शादी करना चाहती थी। परिवार के लोग तैयार नहीं हुए। जब प्रेमी से शादी के लिए दबाव बनाया तो उसके पिता ने उसे पीटा और बाइक पर यहां लाकर गला रेत दिया। बताया जाता है कि इस घटना की जानकारी महाराजगंज पुलिस ने गोपालगंज पुलिस को दिया। इस बीच जिला पुलिस को इस घटना की जानकारी मिलते ही आरोपित पिता शंभू राम घर छोड़ कर फरार हो गया। बताया जाता है कि किशोरी की हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। महाराजगंज पुलिस से इस घटना की जानकारी होने के बाद विजयीपुर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
एक साल पूर्व किशोरी की टूट गई थी शादी:
अपने पिता के द्वारा ही गला रेतने से गंभीर रूप से घायल पुनीता कुमारी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जीवन और मौत से जूझ रही है। सुदामाचक के ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पहले पुनीता कुमारी की शादी तय हो गई थी। लेकिन तभी अचानक वह घर से गायब हो गई थी। इस घटना को लेकर किशोरी के परिजनों ने थाना में अपने ही गांव के निवासी सुभाष राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि किशोरी के गायब होने के कारण उसकी तय शादी टूट गई। इसके बाद किशोरी तथा आरोपित युवक फिर अपने गांव आ गए अपने अपने घर में रहने लगे। बताया जाता है कि किशोरी के परिजन किसी भी कीमत पर अपने ही गांव के युवक से उसकी शादी करने को तैयार नहीं थे। लेकिन किशोरी अपने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही। जिसका नतीजा इस घटना के रूप में सामने आया।