Bihar Local News Provider

गोपालगंज: बाइक के लिए बहू की हत्या कर गायब किया शव

दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर करीब दो साल पूर्व विवाहित एक महिला की उसके ससुराल के लोगों ने हत्या कर शव को गायब कर दिया। घटना को लेकर मृत महिला के पिता के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के डुमरा गांव के नबास अली की पुत्री आजम तारा की शादी नगर थाना के फतहां गांव के मुन्ना साई के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर आजम तारा को उसके ससुराल के लोगों ने दहेज में बुलेट बाइक की मांग के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद महिला के पिता उसके ससुराल पहुंचे तो उल्टे उसके ससुराल के लोग नबास अली से मारपीट पर उतारू हो गए। घटना को लेकर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में नगर थाना के फतहां गांव के अरशद साई, मुन्ना साई, रफीक साई तथा सत्तार साई सहित छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस कांड दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।