Bihar Local News Provider

सिधवलिया: कोचिंग से लौट रही छात्राओं को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत

सिधवलिया के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर चौक स्थित ओवरब्रिज के समीप कोचिंग से घर लोट रही दो छात्राओं को ट्रक ने रौंद दिया। इस घटना में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक देखकर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। उधर घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाइवे को जाम कर घंटो आगजनी की। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर गांव के धर्मनाथ राय की 12 वर्षीया पुत्री रीता कुमारी कोचिंग पढ़कर अपनी एक सहेली के साथ साइकिल से घर लौट रही थी। इसी बीच डुमरिया की ओर से आ रही एक ट्रक ने दोनों छात्राओं को धक्का मार दिया। इस घटना में रीता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक देखकर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोग अचानक उग्र हो गए तथा हाइवे को जाम कर आगजनी व प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीण मृत छात्रा के परिवार के लोगों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सीओ अरशद अली तथा महम्मदपुर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया। जिसके बाद हाइवे का जाम समाप्त हुआ।