Bihar Local News Provider

कुचायकोट में फिर निशाने पर लगा तीर, अमरेंद्र पांडेय जीते, विस्तृत रिपोर्ट

कुचायकोट विधानसभा सीट पर इस बार भी तीर निशाने पर लगा। यह सीट जदयू ने फिर अपनी झोली में कर लिया। जदयू के प्रत्याशी विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने इसी सीट पर कांग्रेस के पूर्व सांसद काली प्रसाद पांडेय को 17 हजार से अधिक वोट से पछाड़ कर जीत दर्ज किया। इस सीट पर रालोसपा ने भी अपना दमखम दिखाई। रालोसपा की सुनीता देवी मतगणना के शुरुआती चरणों में कांग्रेस से आगे रही।

मंगलवार की सुबह आठ बजे उत्तर प्रदेश की सीमा से जुटी कुचायकोट विधानसभा सीट की मतों की गणना थावे डायट में बनाए गए मतगणना केंद्र में शुरू हुई। पहले वैलेट पेपर की गिनती की गई। इसके बाद ईवीएम में पड़े मतों की गिनती शुरू हुई। शुरुआती राउंड में जदयू के विधायक अमरेंद्र पांडेय को 2271 वोट मिले। कांग्रेस के काली प्रसाद पांडेय को 1279 वोट मिले। रालोसपा की सुनीता देवी को 655 वोट मिले। पहले राउंड में बढ़त बनाने के साथ ही जदयू प्रत्याशी की बढ़त हर राउंड में बनी रही। दसवें राउंड तक जदयू के अमरेंद्र पांडेय को 12491 वोट मिले। वहीं रालोसपा की सुनीता देवी कांग्रेस को पछाड़ते हुए इससे आगे निकल गईं। सुनीता देवी को 11211 वोट मिले। कांग्रेस के काली प्रसाद पांडेय को 5228 वोट मिले। 17 वें राउंड तक जदयू के अमरेंद्र पांडेय की बढ़त 12 हजार से अधिक हो गई। 26 वें राउंड में जदयू प्रत्याशी अमरेंद्र पांडेय की बढ़त 18500 हो गई। इसी बीच रालोसपा को पछाड़ते हए कांग्रेस दूसरे स्थान पर आ गई। शाम साढ़े छह बजे तक मतों की गणना का काम जारी रहा। इस समय तक जदयू प्रत्याशी अमरेंद्र पांडेय की बढ़त 19700 तक पहुंच गई। कांग्रेस के काली प्रसाद पांडेय दूसरे स्थान पर बने हुए थे।