Bihar Local News Provider

सिधवलिया: ससुराल पहुंचे युवक को पीटा, हालत गंभीर

पुत्र की तबीयत खराब होने की सूचना के बाद ससुराल पहुंचे एक युवक की उसके ससुर व साले ने जमकर पिटाई कर दी। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखकर पीएमसीएच रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सिवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बड़कागांव गांव के चंदन कुमार राम की शादी महम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव के मोहन राम की पुत्री के साथ हुई है। शादी के दो-तीन साल चंदन कुमार राम तथा उनकी पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन शुरू हो गई। इसी बीच उसकी पत्नी अपने मायके चली आई। घटना को लेकर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में चंदन कुमार राम ने आरोप लगाया है कि उसके ससुर मोहन राम ने उसे फोन कर बताया कि उसके पुत्र की तबीयत खराब है। इस सूचना के बाद वह अपने पुत्र के इलाज के लिए अपने ससुराल पहुंचे। ससुराल पहुंचते ही वहां मौजूद उसके साले राकेश कुमार तथा ससुर मोहन राम उसे गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर इन लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में राकेश कुमार तथा मोहन राम सहित चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। कांड दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।