Bihar Local News Provider

गोपालगंज: दहेज में बाइक के लिए बहू की जलाकर हत्या

दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर छह वर्ष पूर्व विवाहित एक महिला की उसके ससुराल के लोगों ने जलाकर हत्या कर दी। घटना को लेकर मृत महिला की मां के बयान पर नगर थाने में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार छपरा जिले के एकमा थाना क्षेत्र के चकमीरा गांव की पानमती देवी ने घटना को लेकर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री तेतरी देवी की शादी करीब छह साल पूर्व नगर थाना क्षेत्र के हजियापुर कैथवलिया गांव के उपेंद्र राम के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर शुरुआत में तेतरी देवी को उसके ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। इस बीच उसने तीन बच्चों को जन्म दिया। तीन बच्चों के जन्म के बाद तेतरी को उसके ससुराल के लोग दहेज में बाइक की मांग के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल के लोगों ने तेतरी को कमरे में बंद कर उसके शरीर में आग लगा दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के क्रम में तेतरी देवी की मौत हो गई। अपनी पुत्री की मौत की खबर मिलने के बाद पानमती देवी उसके ससुराल पहुंची तथा पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद नगर थाने में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी में उपेंद्र राम, नरेश राम, रवींद्र राम तथा शैलेंद्र राम सहित छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।