Bihar Local News Provider

गोपालगंज: सदर अस्पताल से महिला दलाल गिरफ्तार

सदर अस्पताल परिसर परिसर के महिला वार्ड की एक मरीज को बहला कर निजी अस्पताल में ले जाने पहुंची एक महिला दलाल को सदर अस्पताल के कर्मियों ने पकड़ लिया। बाद में इस घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंचे सदर अस्पताल के डीएस ने महिला से पूछताछ की तथा उसे महिला थाने की पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के लखपतिया मोड़ निवासी पर्मिला देवी नाम की एक महिला नगर के अरार मोड़ स्थित सत्यम अस्पताल में कार्य करती है। सोमवार को उक्त महिला सदर अस्पताल के महिला वार्ड में पहुंची तथा अस्पताल में अपना इलाज करा रही खाप मकसुदपुर गांव की एक महिला को निजी अस्पताल ले जाने की कोशिश में लग गई। तभी अस्पताल कर्मियों की नजर महिला दलाल पर पड़ गई। जिसके बाद महिला दलाल को अस्पताल कर्मियों ने पकड़ कर डीएस पीसी प्रभात को सौंप दिया। अस्पताल के डीएस ने महिला से पूछताछ की तो महिला ने कहा कि निजी अस्पताल में मरीज लेकर जाकर देने पर पांच सौ से एक हजार रूपया का कमिशन मिलता है। पूछताछ के बाद अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने उसे महिला थाना की पुलिस को सौंप दिया। ज्ञातव्य है कि सदर अस्पताल में इलाज को आने वाली महिलाओं को निजी अस्पतालों में पहुंचाने का धंधा लंबे समय से चल रहा है। जिसकी भनक मिलने के बाद अस्पताल के डीएस ने कर्मियों को पूर्व से ही सतर्क रहने का आदेश दिया था। जिसके तहत सोमवार को महिला को गिरफ्तार किया गया।