Bihar Local News Provider

विजयीपुर: पगरा हरिजन बस्ती हत्याकांड में तीन आरोपित गिरफ्तार

विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा हरिजन बस्ती में घर में घुस कर चचेरी बहन के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर चाकू तथा गुप्ती के हमले में घायल युवक की रविवार की रात इलाज के दौरान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के अस्पताल में मौत हो गई। इस हमले में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसमें एक घायल की हालत काफी नाजुक देख उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। इस बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना के पांच घंटे अंदर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई में हमले में इस्तेमाल किए गए गुप्ती को भी बरामद कर लिया है। इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि रविवार को पगरा हरिजन बस्ती के निवासी पोतन राम तथा इनके परिवार के सदस्य खेत में धान की रोपनी करने गए थे। घर में अकेली इनकी बेटी थी। इस बीच थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी छोटे राम इनके घर में घुस गए तथा इनकी पुत्री के साथ छेड़खानी करने लगा। जिसका विरोध करते हुए लड़की शोर मचाने लगी। शोर सुन बगल के घर से पोतन राम के चचेरे भाई सुरेश राम का पुत्र रंजीत उर्फ बब्लू दौड़कर पोतन राम के घर में पहुंचा तथा छेड़खानी कर रहे छोटे राम से उलझ गया। जिसे देखकर छोटे राम वहां से भाग कर अपने गांव महेशपुर चला गया। बताया जाता है कि इस घटना के बाद देर शाम छोटे राम पांच-सात लोगों के साथ पगरा गांव पहुंच गया तथा घर में घुस कर रंजीत राम के पेट में चाकू तथा गुप्ती से वार करने लगा। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इस बीच उसके चिल्लाने पर उसे बचाने पहुंचे तारकेश्वर रात, पोतन राम तथा राजन राम को भी चाकू तथा गुप्ती से गंभीर रूप से घायल करने के बाद इन्हें मरा समझ कर छोटे राम तथा उसके साथी वहां से भाग गए। इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया। लेकिन सभी की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया के अस्पताल में इलाज के दौरान घायल रंजीत राम की मौत हो गई। घायल तारकेश्वर राम की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। इस छापेमारी अभियान के दौरान इस घटना के पांच घंटे के अंदर पुलिस ने महेशपुर गांव निवासी छोटे राम के भाई रामपाल राम, बहन विनीता कुमार तथा पगरा गांव के ही निवासी गंगा राम के पुत्र राजेश राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए एक गुप्ती को भी बरामद कर लिया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार किए गए आरोपित पंगरा गांव निवासी राजेश राम की शादी महेशपुर गांव निवासी नेबूलाल राम की पुत्र के साथ हुई है। पुलिस अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।