Bihar Local News Provider

विजयीपुर: सास-बहू को बंधकर बनाकर छह लाख की संपत्ति की लूट

स्थानीय थाने के जगदीशपुर गांव में सोमवार की देर रात डकैतों ने सास-बहू को बंधक बनाकर छह लाख रुपए की संपत्ति लूट ली। लूटपाट का विरोध करने पर सास का हाथ डकैतों ने लाठी से मारकर तोड़ दिया। डकैती की सूचना पीड़ितों ने स्थानीय थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। बताया गया है कि जगदीशपुर गांव की विधवा बनुही देवी व उसकी बहू सुमन देवी सोमवार की रात खाना खाकर अपने छत पर सोई थीं। इस बीच रात के करीब 12:30 बजे पांच छह की संख्या में डकैत उसकी छत पर चढ़ गए। इसके बाद हथियार कर भय दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर मारपीट की गई। इसके बाद डकैतों ने दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। फिर अलमीरा में रखे करीब पांच लाख रुपए के जेवर व दस हजार रुपए नगद समेत छह लाख रुपए की संपत्ति लूट कर फरार हो गए। पीड़ित सास-बहू ने डकैतों के चले जाने के बाद हल्ला करना शुरू कर दिया। हल्ला सुनकर आसपास के लोग उनके घर पहुंचे। इसके बाद बंद कमरों से दोनों को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। थानाध्यक्ष खालिद अख्तर ने बताया कि इस मामले में आवेदन मिला है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं डकैती की घटना के बाद से सास-बहू का रो-रोकर बुरा हाल है। सास-बहू घटना के बाद से काफी सहमी हुईं हैं। विधवा बनुही देवी के पति का निधन हो चुका है। जबकि बेटा बाहर नौकरी करता है।