Bihar Local News Provider

फुलवरिया: आग से गंभीर रूप से झुलसी सास की इलाज के दौरान मौत

फुलवरिया थाना क्षेत्र के पकौली बदो गांव में आग से गंभीर रूप से जली वृद्ध महिला की इलाज के क्रम में पीएमसीएच में मौत हो गई। घटना को लेकर मृत महिला द्वारा मृत्यु पूर्व दिए गए बयान के आधार पर थाने में बहू सहित तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के पीछे पूर्व से सास व बहू के बीच चल रहा भूमि बंटवारे का विवाद कारण बताया जाता है।
जानकारी के अनुसार फुलवरिया थाना के पकौली बदो गांव की बंगुरी देवी नामक वृद्ध महिला का उसकी ही विधवा बहू के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर कई बार सास व बहू में कहासुनी की नौबत आई थी। वृद्ध महिला ने पुलिस को मृत्यु पूर्व दिए गए बयान में आरोप लगाया था कि जमीन के बंटवारे को लेकर उनकी बहू समरजिया देवी उससे उलझ गई तथा गाली-गलौज करने लगी। गाली देने का विरोध करने पर उनकी बहू व उसके पुत्र पिंटू यादव एवं पुत्री किरण कुमारी ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर गई। इसी बीच उनकी बहू तथा उनके दोनों बच्चों ने उसके शरीर पर किरासन तेल छिड़ककर आग लगा दिया। इस घटना में वह बुरी तरह से झुलस गई। गांव के लोगों ने गंभीर रूप से जली अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखकर पीएमसीएच रेफर कर दिया। पटना में इलाज के क्रम में बंगुरी देवी की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने घटना की थाने में प्राथमिकी दर्ज किया है। जिसमें समरजिया देवी, उसके पुत्र पिंटू यादव तथा पुत्री किरण कुमारी को नामजद आरोपित बनाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।