Bihar Local News Provider

कोरोना अप्डेट्स: क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोग खाएंगे घर का बना खाना

सरकार के आदेश के बाद कुचायकोट प्रखंड सहित जिले की सभी 234 पंचायतों में क्वारंटाइन सेंटर खुल गया है। सभी क्वारंटाइन सेंटर पर तीन शिफ्ट में अलग-अलग प्रभारी तथा अन्य कर्मियों को प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। इन क्वारंटाइन सेंटरों में बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाएं संबंधित पंचायतें उपलब्ध करा रही हैं। हालांकि खाना की व्यवस्था क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों के स्वजन करेंगे। क्वांटाइन सेंटर मे रखे गए लोग अपने घर का बना खाना खाएंगे। स्वजन सुबह, दोपहर, शाम व रात को घर में बना नाश्ता व खाना क्वारंटाइन सेंटर पर जाकर व्यवस्थापक को देंगे। व्यवस्था उस खाना को संबंधित व्यक्ति को देंगे।
 
विदेश से आने वाले लोगों के लिए सरकार के निर्देश पर जिला मुख्यालय तथा नगर निकाय में क्वारंटाइन सेंटर खोला गया। लेकिन क्वारंटाइन सेंटर में रहने की जगह विदेश से आने वाले लोग होम आइसोलेशन में ही रहने लगे। इस बीच विदेश से आए कुछ लोग घर छोड़ कर फरार हो गए। जिसे देखते हुए सरकार के निर्देश पर जिले की सभी 234 पंचायतों में क्वारंटाइन सेंटर खोलने की प्रक्रिश शुरू की गई। अब जिले की सभी पंचायतों में चिनहित स्कूलों व भवनों मे क्वारंटाइन सेंटर खुल गया है। कुचायकोट प्रखंड में भी सभी 31 पंचायतों में एक-एक विद्यालयों का चयन कर इन्हें क्वारंटाइन सेंटर में बदल दिया गया है। इन सेंटर पर तीन शिफ्ट में अलग-अलग प्रभारियों और अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। कुचायकोट बीडीओ दीपचंद जोशी ने बताया कि इन क्वारंटाइन सेंटर में दूसरे प्रदेश तथा दूसरे देश से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग वार्ड बनाए गए हैं। इन सेंटरों में रखे गए लोगों को उनके स्वजन अपने घर का बना खाना उपलब्ध कराएंगे। बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाएं पंचायत उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम सभी क्वारंटाइन सेंटर में जाकर प्रतिदिन यहां रखे गए लोगों की जांच कर रही है। अगर विदेश या दूसरे प्रांत से आने वाले जो लोग स्वेच्छा से अपनी पंचायत में खोले गए क्वारंटाइन सेंटर में नहीं नहीं जाएंगे, उन्हें प्रशासन बलपूर्वक क्वारंटाइन सेंटर पहुंचा रहा है।
[the_ad id=”11915″]
विजयीपुर में मजाक बना क्वारंटाइन सेंटर, घूम फिर रहे लोग:
विजयीपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में खोले गए क्वारंटाइन सेंटर मजाक बन गए हैं। इन क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोग बाहर निकल कर गांव में घूम फिर रहे हैं और अपने घर खाना खाने जा रहे हैं। सरकार के आदेश पर विजयीपुर प्रखंड की सभी पंचायतों में क्वारंटाइन सेंटर खोला गया है। जहां विदेश से आने वाले लोगों को रखा गया है। क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों को 14 दिन तक बाहर नहीं निकलना है। चिकित्सकों की टीम प्रतिदिन क्वारंटाइन सेंटर पर पहुंच कर यहां रखे गए लोगों की जांच कर रही है। लेकिन क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोग खाने-पीने व घूमने फिरने के लिए अपने घर आ-जा रहे हैं। जिससे ग्रामीण दशहत में हैं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय भरपुरवा में खोले गए क्वारंटाइन सेंटर पर तैनात चौकीदार हरेंद्र यादव ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोग सरकार के आदेश को नजरअंदाज कर रहे हैं। खाने- पीने के लिए अपने घरों को जा रहे हैं और गांव में घूम रहे हैं। भरपुरवा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के साथ ही मझौलिया बाजार के मध्य विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में खोले गए क्वारंटाइन सेंटर का भी यही हाल है। इसमें रखे गए लोग घूमने फिरने निकल जा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों का बाहर निकल कर घूमना फिरना लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसे प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए।