Bihar Local News Provider

गोपालगंज – निसर्ग तूफान का असर: जिले में हुई झमाझम बारिश

समुद्री तूफान निसर्ग के असर से शुक्रवार को जिले में जोरदार बारिश हुई। दिन भर रूक-रूक कर हवा के साथ बारिश का दौर जारी रहा। मानसून पूर्व हुई इस बारिश से खेतों में जलजमाव हो जाने से धान के बीज डालने का काम बाधित हो गया है।

 

कृषि विभाग के अनुसार जिले में करीब 43.6 मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे अधिक थावे में 55.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। जबकि कुचायकोट में सबसे कम 16.8 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से गोपालगंज,मीरगंज,बरौली व कटेया के नगर क्षेत्रों के निचले इलाके में जलजमाव से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। ग्रामीण सड़कों पर भी जल-जमाव हो जाने से आवागमन प्रभावित है। हवा के साथ बारिश से तापमान में करीब दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 28 डिगी सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। तापमान में गिरावट से एक बार फिर मौसम सुहाना हो गया है।

[the_ad id=”11915″]

सिधवलिया व महम्मदपुर में बारिश से सड़कें हुईं जलमग्न : सिधवलिया।

बारिश के बाद सिधवलिया की प्रमुख सड़के महम्मदपुर, बरहिमा व सिधवलिया की सड़कें जलमग्न हो गयी हैं। सिधवलिया बाजार में पानी की निकासी नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़क डूब गई है। जिससे बाजारवासियों व राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। यही हाल महम्मदपुर मोड़ व बरहिमा की सड़कों का है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं रहने से जलजमाव हो गया है। बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक से लेकर स्टेशन चौक तक जल जमाव के साथ कीचड़ के कारण बाजारवासियों को घर या दुकान से निकलना मुश्किल हो गया है। अजय कुंवर, प्रभुनाथ गुप्ता, सुरेंद्र साह, भोला साह व कृष्णा प्रसाद ने बताया कि बारिश होते ही लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन के अफसर समस्या से बेखबर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या को लेकर जल्द ही आंदोलन शुरू किया जाएगा।

[the_ad id=”11916″]

मानसून आने में हो सकती है देर:

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार निसर्ग तूफान के असर से बिहार में मानसून आने में देर हो सकती है। बारिश व हवा के कारण मानसून के लिए अनुकूल सर्कुलेशन तत्काल नहीं बनने की आशंका है। बिहार में आगामी 15 जून तक मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया गया था। फिलहाल केरल में मानसून दस्तक दे चुका है। वहां झमाझम बारिश हो रही है।