Bihar Local News Provider

हथुआ: मुखिया पति की हत्या मामले में आरोपित ने किया समर्पण

मीरगंज-सबेया मुख्य पथ पर बरवां कपरपुरा गांव के समीप मुखिया पति उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना में नामजद आरोपित ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में समर्पण कर दिया। बाद में आरोपित को चौदह दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के माधो मटिहानी गांव के निवासी तथा मुखिया पति उपेंद्र सिंह अपने ही गांव के एक युवक के साथ गत 14 सितंबर को बाइक से हथुआ प्रखंड कार्यालय आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में बरवां कपरपुरा गांव के समीप मुखिया पति उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृत मुखिया पति के भाई बड़ेलाल सिंह के बयान पर घटना की थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जिसमें चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया। इस कांड में नामजद मटिहानी माधो गांव के करण सिंह ने शुक्रवार को न्यायालय में समर्पण कर दिया। समर्पण के बाद आरोपित के जमानत आवेदन पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने उसके जमानत आवेदन को खारिज कर दिया। ज्ञातव्य है कि इस चर्चित घटना में नामजद मटिहानी माधो गांव के रामप्रवेश सिंह तथा जिगना गोपाल गांव के अरुण सिंह पूर्व में ही न्यायालय में समर्पण कर चुके हैं।
कांड का मुख्य आरोपित अब भी फरार:
मुखिया पति हत्याकांड में नामजद चार आरोपित में मुख्य आरोपित वीर सिंह उर्फ विशाल सिंह की अब भी पुलिस को तलाश है। घटना के समय से ही यह आरोपित फरार है। पुलिस इस मुख्य आरोपित के विरुद्ध वारंट प्राप्त कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।