Bihar Local News Provider

गोपालगंज के माँझा में कोइनी में जमीन विवाद में मारी गोली,एक युवक हुआ जख्मी

स्थानीय थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के उक्त गांव के मोहम्मद हातिम व उसके पट्टीदार कुख्यात बदमाश ढढ़ुआ के बीच पूर्व से जमीन विवाद चल रहा था। बुधवार की शाम पूर्व विवाद को लेकर दोनों लोग आपस मे उलझ गए। जिससे दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान कुख्यात ढढ़ुआ ने पिस्टल से गोली चला दी। गोलीबारी में मोहम्मद हातिम के पुत्र अरशद अली (35) के हाथ में गोली लग गई। गोली लगने के बाद परिजनों ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मांझागढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। घटना के बारे मे थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने बताया कि दोनों पट्टीदार हैं। दोनों के बीच पूर्व से जमीन विवाद चल रहा था। जमीन विवाद को लेकर अपराधी ढढ़ूआ ने गोली चलाया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

https://gopalganj.org/manjha/13692/