Bihar Local News Provider

पंचदेवरी: दीपावली की रात मचवां गांव में आग लगने से नौ घर जले

प्रखंड क्षेत्र के मचवा गांव में दीपावली की रात अचानक आग लग जाने से नौ घर जलकर राख हो गए। इस घटना में अनाज, कपड़े व अन्य कीमती सामान सहित हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों व दमकल की सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच गांव में घंटों अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

बताया जाता है कि शनिवार की शाम मचवा गांव के लोग दीपावली के मौके पर पटाखे फोड़ने तथा घरों को रोशन करने में जुटे थे। इसी बीच अचानक आग लग गई। इसके पूर्व कि लोग कुछ समझ पाते आग ने कुछ ही देर में गांव के नौ घरों को अपने चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने प्रारंभ में खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ता देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। कुछ ही देर बाद वहां दमकल की गाड़ियां पहुंच गई। बाद में ग्रामीणों की मदद ने दमकल ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्नि पीड़ितों में विश्वास साह, दहारी साह, विध्यवशिनी साह, गंगा साह, गांधी साह, दूधनाथ साह, हृदयानंद साह, विश्वनाथ साह एव आसमा खातुन शामील हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस आग में घरों में रखे गए साइकिल, अनाज, बर्तन व कपडे सहित हजारों रूपये की संपत्ति जल गई। घटना के बाद पीड़ित खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। सूचना मिलने पर रविवार को पहुंचे राजस्व कर्मचारी ने क्षति का जायजा लिया।