Bihar Local News Provider

गोपालगंज में चाकू से घायल वार्ड पार्षद पुत्र की मौत से फूटा आक्रोश

नगर थाना क्षेत्र के तिरविरवां स्थित चर्च के समीप चाकू से हमले में घायल शहर के सरेया के वार्ड पार्षद के पुत्र की गोरखपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार को युवक का शव गोरखपुर से लाए जाने के बाद लोगों का आक्रोशित फूट पड़ा। आक्रोशित लोग शहर के जादोपुर मोड़ के पास एनएच 27 पर युवक का शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत करा दिया। लोगों के शांत होने के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि शहर के सरेया मोहल्ला निवासी वार्ड पार्षद सुरेश चौरसिया का पुत्र 26 वर्षीय साहिल चौरसिया 25 दिसंबर को तिरविरवां गया था। वहां चर्च के समीप उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इसी विवाद में युवकों ने चाकू मारकर साहिल को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद घायल साहिल का इलाज गोरखपुर के एक अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। गोरखपुर से शव लाए जाने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने जादोपुर मोड़ पहुंच कर एनएच 27 पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब तक एक भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लोग आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नगर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, सब इंस्पेक्टर नेयाज अहमद, सब इंस्पेक्टर एचएन राम ने लोगों को समझा कर शांत करा दिया।

दो घंटे तक हाइवे पर जाम में फंसे रहे वाहन:

शहर के जादोपुर मोड़ पर एनएच 27 जाम कर दिए जाने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। यहां दो घंटे सड़क जामकर लोग प्रदर्शन करते रहे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत करा दिया। इसके बाद हाइवे पर वाहनों का पहिया सरकने लगा।

https://gopalganj.org/manjha/14435/