Bihar Local News Provider

गोपालगंज के भोरे में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, नदी के किनारे फेंका शव

गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के भोपतपुरा गांव के रहने वाले एक युवक की चाकू से गोदकर बदमाशों ने हत्या कर दी। शव को स्याही नदी के किनारे झाड़ी में फेंक दिया। रविवार को सुबह लोगों ने शव दे देख पुलिस को फोन किया। बिहार के गोपालगंज जिले की भोरे थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। युवक के गर्दन सहित शरीर के दर्जनों जगहों पर चाकुओं से गोदा गया है।

मृतक की पहचान इरफान अंसारी 30 वर्ष पुत्र अली अहमद के रूप में हुई। स्वजन ने बताया कि वह शनिवार की रात गांव में ही हो रहे आर्केस्ट्रा देखने के लिए घर से निकला। जब वह आधी रात के बाद तक घर वापस नहीं लौटा तो स्वजन की चिता बढ़ गई। स्वजन व आसपास के लोगों ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया। युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटनास्थल पर पहुंचे हथुआ के एसडीपीओ नरेश कुमार व भोरे थानाध्यक्ष सुभाष सिंह ने घटना की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल से मृत युवक का मोबाइल भी बरामद किया है। इससे शीघ्र ही घटना का रहस्य खुलने की उम्मीद है। मृत युवक के पिता सऊदी अरब में काम करते हैं। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद उसकी मां सहित उसके परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया हुआ है।

थानाध्यक्ष भोरे सुभाष सिंह ने बताया कि अभी मृत युवक के स्वजन से जानकारी ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://gopalganj.org/sidhwalia/15446/