Bihar Local News Provider

कुचायकोट: जमानत पर छोड़े गए नाबालिग को पुलिस ने लगाई हथकड़ी, थानाध्यक्ष से शो कॉज

जिला पुलिस किशोर अधिनियम का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रही है। किशोर अधिनियम का उल्लंघन करते हुए पुलिस कभी आपराधिक मामले में किशारों को गिरफ्तार कर हाजत में बंद कर दे रही है तो कभी हथकड़ी लगाकर उन्हें किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है। पुलिस के बार-बार किशोर अधिनियम का उल्लंघन करने के बाद भी जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी भी इसके प्रति उदासीन बने हुए हैं। किशोर न्यायालय के किशोर अधिनियम का उल्लंघन करने के मामले में थानाध्यक्षों को शो-कॉज करने पर भी वरीय पदाधिकारी संबंधित थानाध्यक्षों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिससे जिले में पुलिस द्वारा किशोर अधिनियम का उल्लंघन करने का मामला बढ़ता जा रहा है।

किशोर न्यायालय ने छोड़ा, पुलिस ने फिर गिरफ्तार किया

ताजा मामला कुचायकोट थाना पुलिस का है। किशोर न्यायालय ने प्रिंसपल दंडाधिकारी राकेश मणि तिवारी ने एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार किए गए एक किशोर को अंतरिम अभिरक्षा में देखभाल के लिए उसके माता-पिता को सौंपा। इसके कुछ दिन बाद ही कुचायकोट थाना पुलिस ने उसी अपराधिक मामले मेंं किशोर को गिरफ्तार कर लिया। किशोर के माता पिता बार-बार पुलिस से किशोर को अंतरिम अभिरक्षा में छोड़े जाने की बात कहते रहे। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। पुलिस ने किशोर को गिरफ्तार कर उसे उत्पाद कोर्ट में पेश किया। उत्पाद कोर्ट ने अंतरिम अभिरक्षा मिलने को देखते हुए किशोर को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुति करने का आदेश दिया। इसके बाद किशोर को हथकड़ी लगाकर सैफ के जवान उसे किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। एक ही अपराधिक मामले मेंं अंतरिम अभिरक्षा में किशोर को छोड़ने के बाद भी उसे फिर से गिरफ्तार करने तथा हथकड़ी लगाकर उसे कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने को गंभीरता से लेते हुए किशोर न्यायालय के प्रिंसपल दंडाधिकारी ने कुचायकोट थाना के थानाध्यक्ष को शो कॉज करते हुए उन्हें न्यायालय में उपस्थित होकर जवाब देने का आदेश दिया।

Kuchaikote