Bihar Local News Provider

ओडिशा सोना लूटकांड में गोपालगंज से गिरफ्तार कुख्यात की तबीयत बिगड़ी

ओडिशा के सुदंरगढ़ में स्वर्ण व्यवसायी रवि वर्मा को गोली मार हत्या के करने के बाद 40 लाख रुपये का सोना लूटने के मामले में गिरफ्तार कुख्यात किशोरी महतो को ओडिशा पुलिस अपने साथ नहीं ले जा सकी। गिरफ्तार किए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई तथा यह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच कुख्यात को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

इसी साल एक मार्च को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बड़गांव में स्वर्ण व्यवसायी रवि वर्मा की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपराधियों ने उनके पास मौजूद 40 लाख रुपये कीमत का सोना लूट लिया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय अपराधियों ने एक राहगीर को भी गोली मार कर घायल कर दिया था। वारदात के बाद ओडिशा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की। अपराधियों की पहचान करने के बाद ओडिशा पुलिस गोपालगंज पहुंची। एसपी आनंद कुमार ने अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए सदर एसडीपीओ नरेश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित किया। पुलिस टीम ने ओडिशा पुलिस के साथ मांझागढ़ थाना के विशंभरापुर गांव में छापेमारी कर सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के चाप गांव निवासी कुख्यात लुटेरे किशोरी महतो को पिस्तौल तथा 13 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मंगलवार को पुलिस ने सिवान के महादेवा में छापेमारी कर कुख्यात के भाई अनिल महतो तथा भाभी प्रभा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने लूटे गए सोना में से तीन सौ ग्राम सोना तथा दो लाख रुपये बरामद किया। इस बीच गिरफ्तार किए जाने के बाद कुख्यात किशोर महतो की तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश हो गया।

2015 में भी गिरफ्तारी बाद पड़ा था बीमार, बाद में हुआ था फरार

प्रशिक्षु डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कुख्यात किशोरी महतो काफी शातिर है। गिरफ्तारी के बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में सिवान जिले के महादेवा ओपी की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उस समय भी वह लगातार तीन दिन तक बेहोश रहा था। इसी दौरान मौका पाते किशोरी महादेवा ओपी प्रभारी पर फायरिग करते हुए फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस कुख्यात के सभी चाल को समझ रही है। उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। होश में आने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इनसेट

कुख्यात के होश में आने का इंतजार कर रही ओडिशा पुलिस:

ओडिशा में स्वर्ण व्यवसायी की गोली मार कर हत्या कर लूटपाट करने के मामले में गिरफ्तार कुख्यात किशोरी महतो के होश में आने का जिले में आई ओडिशा पुलिस इंतजार कर रही है। उसके होश में आने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ लेकर जाएगी। ओडिशा पुलिस के सब इंस्पेक्टर भगवान पुजारी ने बताया कि कुख्यात के पास से बरामद स्वर्ण व्यवसायी से लूटे गए जेवर को मृत स्वर्ण व्यवसायी के घर के लोगों ने पहचान लिया है। कुख्यात किशोरी महतो के होश में आने के बाद उसे रिमांड पर लेकर ओडिशा ले जाया जाएगा।

https://gopalganj.org/manjha/14568/