Bihar Local News Provider

आठ हजार में खरीदी बाइक पर कर रहा था मस्‍ती, तो फिर गोपालगंज के युवक को क्‍यों लगी हथकड़ी

चोरी की बाइक खरीदना एक युवक को महंगा पड़ गया। थावे थाना के सामने एनएच 532 पर शुक्रवार को वाहन जांच के दौरान वह पुलिस के हत्‍थे चढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवक ने आठ हजार में यह बाइक खरीदी थी। गिरफ्तार किया गया युवक थावे थाना के खानपुर अजमत का निवासी मंजित सिंह है। पुलिस अब बाइक बेचने वाले की तलाश कर रही है। 

एनएच पर तेज रफ्तार में कर रहा था मस्‍ती  

बताया जाता है कि शुक्रवार को थावे थाना के सामने एएसआइ पंकज कुमार पुलिस बल के साथ एनएच 531 पर वाहनों चेकिंग अभियान चला रहे थे। वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उधर से एक बाइक सवार तेजी से गुजरता आया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन युवक रुकने की जगह भागने लगा। तब पु‍लिस को शंका हुई। पुलिस ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। पु‍लिस की पकड़ में आते ही युवक की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। पकड़ने के बाद पुलिस ने युवक से बाइक का कागजात मांगा तो युवक आनाकानी करने लगा।

चोरी की थी बाइक, चोर का भी बताया नाम 

पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो युवक ने बताया कि बाइक चोरी की है। उसने बाइक आठ हजार रुपये में खरीदी है। चोरी की बाइक होने की बात सामने आने पर पुलिस ने उसे जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।  थानाध्यक्ष किरण शंकर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक ने जिससे चोरी की बाइक खरीदी है, उसके बारे में जानकारी दी है। चोरी की बाइक बेचने वाले को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।

बता दें कि गोपालगंज में कई जगहों पर आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। बाइक चोर इतने शातिर होते हैं कि वे तुरंत नंबर प्‍लेट बदल देते हैं। बाइक के फर्जी कागजात तक बना लेते हैं। बीते दिन ऐसे ही चोरों को पुलिस ने दबोचा था।

https://gopalganj.org/hathua/14136/