Bihar Local News Provider

उचकागांव : युवक को मिली थी धमकी, तहके मारब, पूरा गांव देखी

अपराधियों की गोली के शिकार बने बालाहाता गांव निवासी सुनील कुमार सिंह को एक साल पहले जान से मारने की धमकी दी गई थी। भूमि विवाद को लेकर पड़ोस की महिला के साथ युवक की मारपीट हुई थी। तब महिला ने धमकी देते हुए कहा था कि तहके मारब, पूरा गांव देखी। हालांकि इस धमकी को तब युवक तथा उसके घर के लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया। इस धमकी के करीब एक साल बाद बाला हाता गांव निवासी सुनील कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में मृतक के भाई राजकुमार सिंह ने एक साल पूर्व धमकी देने वाली महिला पड़ोसी सुशीला देवी, इनके पुत्र शंभू कुमार सिंह व अशोक सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि बाला हाता गांव निवासी लक्ष्मी सिंह के परिवार के साथ पड़ोस में रहने वाली सुशीला देवी से काफी समय से जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर एक साल पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी इसी दौरान युवक को धमकी दी गई थी। तभी से दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चलता रहा। सुनील कुमार सिंह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रतिदिन की भांति गुरुवार की सुबह भी सुनील कुमार सिंह साइकिल से मीरगंज नगर स्थित कोचिग सेंटर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बालाहाता बाजार में सुबह से ही दो बाइक पर सवार चार युवक चक्कर लगा रहे थे। सुनील कुमार सिंह के बालाहाता बाजार से होकर गुजरने पर बाइक सवार युवक उससे दूरी बनाकर पीछा करने लगे। युवक जैसे ही पिपरा भेड़िहारी टोला में पहुंच तभी बाइक सवार युवक भी वहां पहुंच गए तथा पीछे से युवक को गोली मार दिया। जिससे मौके पर ही सुशील कुमार सिंह की मौत हो गई।
मां से सौ रुपया लेकर घर से निकला था सुनील:
मीरगंज नगर स्थित कोचिग सेंटर में पढ़ने के लिए घर से निकलते समय सुनील कुमार सिंह ने मां से सौ रुपया लिये थे। मां से रुपया लेने के बाद यह साइकिल लेकर घर से कोचिग सेंटर जाने के लिए निकल गया। युवक के घर से निकलने के एक घंटे बाद ही उसकी हत्या कर देने की जानकारी परिजनों को मिली। सुनील की हत्या से समूचे गांव में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या की खबर मिलते ही लोग मीरगंज की ओर दौड़ पड़े। इधर हत्या की सूचना मिलते ही युवक के परिवार में कोहराम मच गया।
युवक की हत्या से हरखौल गांव में दहशत का माहौल:  मीरगंज नगर से सटे हरखौली पश्चिम टोला में बाला हाता गांव निवासी सुनील कुमार सिंह की दिनदहाड़े हत्या की दिए जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। गुरुवार की सुबह हरखौली के मलहनी खाड़ के समीप अचानक हुई फायरिग के बाद लोग दहशत में आ गए। लोग कुछ समझ पाते तभी उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। युवक की हत्या होने की जानकारी मिलने के बाद भी काफी देर तक युवक घटनास्थल की तरफ जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बाद में घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने के बाद ही हरखौली गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
छह भाइयों में सबसे छोटे थे सुनील सिंह:
बालाहात गांव निवासी सुनील कुमार सिंह की हत्या से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। मृतक की मां, बहन, पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। गोली के शिकार बने सुनील कुमार सिंह छह भाइयों में सबसे छोटे थे। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। एक बड़े भाई नंदलाल सिंह की दो वर्ष पूर्व इलाज के क्रम में मौत हो गई थी। सुनील कुमार सिंह की शादी सात साल पूर्व सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के करजानिया गांव निवासी राधेश्याम सिंह की पुत्री सरोज देवी के साथ हुई थी। इनके दो बच्चे पांच 5 साल की खुशबू कुमारी तथा तील साल का कृष कुमार है। सुनील सिंह की हत्या से मां लौंगी देवी तथा पत्नी सरोज देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।