Bihar Local News Provider

गोपालगंज: बाइक सवार युवक की चाकू घोंप कर हत्या

सदर प्रखंड के जादोपुर थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव में सोमवार की रात बाइक सवार एक युवक को रास्ते में घेर कर मारने पीटने के बाद चाकू घोंप कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृतक घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर मृतक युवक के परिजन के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फरार दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि बरईपट्टी गांव निवासी राजेश्वर शर्मा के पुत्र बृजेंद्र शर्मा विदेश में काम करते थे। दो महीने पूर्व ये अपने घर लौटे थे। घर आने के बाद इनका अपने ही गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार की रात करीब दस बजे बृजेंद्र शर्मा किसी काम से बाइक पर सवार होकर अपने घर से बाहर जा रहे थे। अभी ये अपने ही गांव के निवासी भगेलू चौकीदार के घर के पास पहुंचे ही थे कि तभी कुछ लोगों ने इन्हें घेर कर रोक लिया तथा इन्हें मारने पीटने के बाद चाकू घोंप दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर जमीन पर पड़े युवक को उठा कर परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर मृतक युवक के पिता राजेश्वर शर्मा के बयान पर उनके ही गांव के छह लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित बरईपट्टी गांव निवासी यशवंत शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, विदेशी शर्मा तथा रमेश साह बताए जाते हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर जादोपुर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने कहा कि आपसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।