Bihar Local News Provider

सिधवलिया: महिला की हत्या कर शव को छत से लटकाया

सिधवलिया थाना क्षेत्र के दंगसी गांव में दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला की हत्या कर शव को घर की छत के कुंडे से लटका दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने उसके पति सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि हरपुर गोसाई गांव निवासी राजेंद्र सिंह की पुत्री रजनी कुमारी की शादी दंगसी गांव निवासी नारायण सिंह के पुत्र उत्तम सिंह से दो माह पूर्व हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर रजनी कुमारी को दहेज में बाइक नहीं लाने को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने की जानकारी कई बार महिला ने अपने मायके वालों को दिया। लेकिन वे मांग पूरी नहीं कर सकते। बताया जाता है कि मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार की सुबह रजनी कुमारी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में साड़ी का फंदा डाल शव को छत की कुंडे से लटका दिया गया। इस घटना की ग्रामीणों से सूचना मिलने पर अपने बेटी की ससुराल पहुंचे राजेंद्र सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने उसके पति उत्तम सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति उत्तम सिंह तथा आरोपित बीना कुंवर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।