Bihar Local News Provider

गोपालगंज: मारपीट में घायल महिला की मौत, सात पर प्राथमिकी

नगर थाना क्षेत्र के तिरबिरवां गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला की बेहरमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में सदर अस्पताल में महिला को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां रविवार को घायल महिला की इलाज के क्रम में मौत हो गई। मृत महिला की गोतनी के बयान पर घटना की नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें सात लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार तिरबिरवां गांव की प्रभावती देवी अपनी गोतनी शैलकुमारी देवी के साथ अपने मकान के आगे बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी बीच गांव के ही राजेश्वर यादव सहित छह-सात की संख्या में लोग उसके दरवाजे पर पहुंच गए तथा दोनों महिलाओं को गाली देना प्रारंभ कर दिया। गाली देने से मना करने पर दरवाजे पर पहुंचे लोगों ने प्रभावती देवी की पिटाई शुरू कर दी। प्रभावती को बचाने जब उनकी गोतनी शैलकुमारी देवी पहुंची तो उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। बेहोशी की हालत में शैलकुमारी देवी को दरवाजे पर ही छोड़कर सभी लोग भाग निकले। बाद में प्रभावती तथा शैलकुमारी देवी को गांव के लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में रविवार की सुबह शैलकुमारी देवी की हालत और बिगड़ गई और इलाज के क्रम में शैलकुमारी देवी की मौत हो गई। घटना को लेकर घायल प्रभावती देवी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें राजेश्वर यादव, बाल्मिकी यादव, फुलमती देवी, इंदु देवी, केहुली देवी, कलावती देवी तथा सुनीता कुमारी को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।