Bihar Local News Provider

बरौली : घर का ताला तोड़ नकदी सहित पांच लाख की संपत्ति चोरी

थाना क्षेत्र के बरौली बाजार स्थित डॉक्टर कॉलोनी में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली। घटना को अंजाम देने के बाद चोर भाग निकलने में सफल हो गए। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को तब हुई जब वे शनिवार को अपने रिश्तेदार के घर से वापस अपने घर लौटे। जानकारी के अनुसार बरौली बाजार के डॉक्टर कॉलोनी निवासी अकबर मियां अपने परिवार के सदस्यों के साथ दो दिन पूर्व अपने एक रिश्तेदार के यहां गए थे। इसी बीच शुक्रवार की रात्रि कुछ चोर मौका देखकर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए तथा कमरे में रखे गए नकदी के अलावा करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात व कीमती कपड़ों की चोरी कर ली। शनिवार की सुबह जब अकबर मियां अपने परिवार के सदस्यों के साथ वापस अपने घर पहुंचे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा व सभी कमरों में सामान बिखरा देखा। घर में हुई चोरी की जानकारी उन्होंने तत्काल बरौली थाने की पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बरौली थानाध्यक्ष रितेश मिश्रा ने घटना की छानबीन की। इस संबंध में अज्ञात चोरों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।