Bihar Local News Provider

कुचायकोट: ट्रक ने मारी बाइक में टक्कर, दो बच्चों समेत तीन की दर्दनाक मौत

जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर बलथरी चेकपोस्ट के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक पर सवार होकर जा रहे दंपति व उनकी दो मासूम बच्चियों को रौंद दिया। इस घटना में बाइक सवार पिता व उनकी दो मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के पुरखास गांव के सिनोद साह के किसी रिश्तेदार की तबीयत खराब थी। जिन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट में भर्ती कराया गया था। रविवार की सुबह सिनोद साह अपनी पत्नी बेबी देवी और दो मासूम बेटियों के साथ कुचायकोट अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने के लिए बाइक से चले।
सुबह करीब छह बजे जैसे ही उनकी बाइक बलथरी चेकपोस्ट पर स्थित पुलिस पोस्ट के पास पहुंची तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार चारों लोगों को रौंद दिया। ट्रक की गति इतनी तेज थी कि ट्रक में फंसकर बाइक करीब सौ मीटर तक आगे चली गई।
इस घटना मे ट्रक के नीचे आ जाने से सिनोद साह (करीब 35 वर्ष) उनकी बेटी लवली (करीब 8 वर्ष) तथा मुन्नी (करीब 5 वर्ष ) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय बाइक पर सवार बेबी देवी दूसरी तरफ जा गिरी। जिससे उनकी जान बच गई। लेकिन उन्हें भी गंभीर चोट पहुंची। बेबी देवी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट में भर्ती कराया गया।
पुलिस पोस्ट पर मौजूद पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किया गया ट्रक चालक उत्तरप्रदेश हाटा चौराहा कुशीनगर का निवासी अन्नु लाल कुशवाहा बताया जाता है। घटना के बाद लोगों में लगातार आक्रोश बढऩे की सूचना के बाद सीओ चौधरी राम तथा कुचायकोट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। तथा उग्र लोगों को शांत कराया। पुलिस ने तीनों ही मृत लोगों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।