Bihar Local News Provider

गोपालगंज में चार पर लुढ़का पारा, ठंड से जनजीवन हलकान, विद्यालय दो तक बंद

जिले में भीषण ठंड का कहर शुक्रवार को और बढ़ गया। अधिकतम व न्यनूतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के वेबसाइट के अनुसार सुबह में न्यूनतम तापमान लुढ़क कर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान चौदह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बर्फीली हवा से लोग कांपते रहे। गर्म कपड़ों में भी लोग ठंड से हलकान दिखे। हालांकि सुबह में धूप निकली। लेकिन, धूप बेअसर रही। दिन के तीन बजे के बाद एक बार फिर जमा देने वाली ठंड व शीतलहर से लोग घरों में दुबक गए। शहर में सुबह में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। इक्के-दुक्के लोग चाय दुकानों व आलाव के आसपास दिखे। ठंड के कारण फुटपाथी दुकानदारों ने दिन के ग्यारह बजे तक अपनी दुकानें नहीं लगाई। सब्जी की दुकानों पर भी इक्के-दुक्के ग्राहक दिखे। सुबह में कोहरे के कारण एनएच 28 पर भी वाहनों की आवाजाही कम दिखी। कड़ाके की सर्दी से सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। हीटर जला कर कर्मी व पदाधिकारी काम करते दिखे। सबसे अधिक परेशानी कोचिंग व स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को हुई। बच्चे स्कूल बस में भी सीट पर बैठ कर कांप रहे थे।
[the_ad id=”11213″]
बुजुर्गों व बच्चों पर आफत :
लगातार पड़ रही सर्दी व शीतलहर से उम्रदराज लोगों व बच्चों पर असर पड़ रहा है। सांस, दमा, खांसी, ब्रॉनकाइटिस, हार्ट अटैक आदि रोगों से लोगों के बीमार होने का सिलसिला लगातार जारी है। नवजात बच्चों में कोल्ड डायरिया व दमफूली की बीमारी हो रही है।
आलू व सरसों पर झुलसा का प्रकोप :
जिले में लगातार पड़ रही ठंड से जनजीवन के अलावे फसलों पर प्रभाव पड़ने लगा है। भोरे, कटेया, पंचदेवरी, फुलवरिया, बरौली व बैकुंठपुर के इलाके में आलू की फसल झुलस कर नष्ट हो रही है। ठंड व पाला के कारण सरसों पर गलका का प्रकोप शुरू हो गया है। कद्दू,मिर्च, करैला आदि के लत्तर भी झुलस रहे हैं। किसानों के अनुसार पिछले तीन दिनों में फसलों पर झुलसा का प्रकोप और बढ़ गया है।
[the_ad id=”11213″]
ठंड को लेकर दो तक प्रारंभिक स्कूल में पठन-पाठन बंद:
कड़ाके की ठंड को लेकर जिले के सभी सरकारी व निजी प्रारंभिक स्कूलों में आगामी दो जनवरी तक पठन-पाठन कार्य बंद रहेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी संघमित्रा वर्मा ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार कक्षा एक से लेकर आठ तक का पठन-पाठन बंद रहेगा। इस अवधि में शिक्षक स्कूल जाएंगे और अन्य गतिविधियां व योजनाएं संचालित रहेंगी। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों व स्कूल संचालकों को पत्र भेज दिया गया है।