Bihar Local News Provider

गोपालगंज: कुख्यात मुन्ना मिश्रा का शूटर विकास सिंह मारा गया

कुख्यात मुन्ना मिश्र गैंग से शूटर विकास सिंह मारा गया। मंगलवार की रात कटेया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के समीप कार से उतर कर गोली मार एक युवक की हत्या कर दी गई थी। देर रात पुलिस ने मृतक की शिनाख्त शूटर विकास सिंह के रूप में किया। भोरे थाना क्षेत्र के लामीचौर गांव निवासी विकास सिंह के हत्या, लूट सहित दो दर्जन मामलों में वांछित था। इसके खिलाफ कटेया, भोरे तथा सिवान के मैरवा थाना में मामले दर्ज थे। इस हत्याकांड में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मंगलवार की रात करीब पौने आठ बजे एक वाहन कटेया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के समीप रुकी। वाहन के रुकते ही उसमें बैठे तीन लोग नीचे उतरे तथा वाहन के अंदर से एक युवक को खींच कर बाहर निकाल कर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी उसी वाहन में बैठ कर फरार हो गए। बताया जाता है कि ग्रामीणों से इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को लेकर थाना आई। देर रात पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कुख्यात मुन्ना मिश्र गैंग के शूटर लामीचौर गांव निवासी विद्या सिंह के पुत्र 26 वर्षीय विकास सिंह के रूप में की। बताया जाता है कि गोली के शिकार बने विकास सिंह ने मात्र 14 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में वर्ष 2006 में भोरे थाना क्षेत्र के लामीचौर बजार में रंगदारी मांग कर कदम रखा। इस मामले में इसके खिलाफ भोरे थाने में प्राथमिकी दर्ज किया गया। इसके बाद इसने पीछे मुड़ कर नहीं देखा और कटेया, भोरे सहित जिले के कई थाना क्षेत्रों में लगभग दो दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। साल 2007 में कटेया थाना क्षेत्र के बगही स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक संजय गुप्ता की हत्या , 25 जनवरी 2017 को थाना क्षेंत्र के बगही कंटा के पास राजा चौधरी पर गोलीबारी,
6 अप्रैल 2017 को मुमताज हत्याकांड में भी यह नामजद था। इसके बाद यह पुलिस की गिरफ्तार में आ गया। जेल से छूटने के बाद 24 मई 2018 को थाना क्षेत्र के बगही बाजार में प्रखंड प्रमुख माधुरी मिश्र के पति आनंद मिश्रा के पेट्रोल पंप पर गोलीबारी व लूटपाट, इसी दिन मझरिया पेट्रोल पंप पर गोलीबारी व लूटपाट में भी इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। भोरे थाना में भी इसके खिलाफ पांच मामले दर्ज थे। पड़ोसी जिले सिवान के मैरवा थाना में भी इसके खिलाफ डकैती तथा आ‌र्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज थे। इस संबंध में पूछे जाने पर कटेया थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंचने पर आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि बाइक पर बैठाकर लाने के बाद विकास सिंह को गोली मारी गई थी। इस हत्याकांड में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। इनसेट
सिर में पिस्तौल सटा कर मारी गई थी गोली:
कुख्यात मुन्ना मिश्र गैंग के शूटर विकास सिंह को कल्याणपुर गांव लेकर आने के बाद सिर में पिस्तौल सटा कर गोली मारी गई थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिसे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी अपने ने ही विकास सिंह को धोखा दिया तथा धोखे से उसे कल्याणपुर गांव के समीप लाकर सिर में सटा कर गोली मार कर हत्या कर दिया। पुलिस भी इस बिन्दू पर अपनी जांच पड़ताल कर रही है। सूत्रों का कहना है कि विकास सिंह कुख्यात मुन्ना मिश्र का दाहिना हाथ माना जाता था। एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के कारण यह कई लोगों के निशाने पर आ गया था। लेकिन जिस तरह से विकास सिंह को वाहन में बैठाकर कल्याणपुर लगाया गया तथा उसके सिर में सटा कर गोली मारी गई, इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि विकास सिंह किसी अपनों के ही गोली का शिकार बना है।
बगहीं बाजार कांड के बाद मुंबई चला गया था विकास सिंह:
24 मई 2018 को थाना क्षेत्र के बगही बजार में प्रखंड प्रमुख माधुरी मिश्र के पति आनंद मिश्रा के पेट्रोल पंप पर गोलीबारी व लूटपाट तथा मझरिया पेट्रोल पंप पर गोलीबारी व लूटपाट में कुख्यात मुन्ना मिश्र गैंग का नाम सामने आने के बाद विकास सिंह भाग कर मुंबई चला गया था।सूत्र बताते हैं कि इस कांड में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विकास सिंह को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की दबिश को देखते हुए परिजन के समझाने पर विकास सिंह आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार हो गया था। सूत्रों की मानें तो आत्मसमर्पण करने के लिए विकास सिंह एक सप्ताह पूर्व मुंबई से अपने घर के लिए रवाना हुआ। लेकिन यह अपने घर नहीं पहुंचा। इसी बीच मंगलवार की देर रात परिजनों को सूचना मिली कि कल्याणपुर गांव में समीप जिस युवक की गोली मार कर हत्या की गई है वह विकास सिंह था।