Bihar Local News Provider

सिधवलिया: स्कार्पियो के धक्के से देवर की मौत, भाभी गंभीर

सिधवलिया थाना क्षेत्र के सिपौली गांव के समीप एनएच 28 पर एक स्कार्पियो ने एक बाइक पर सवार होकर जा रहे एक युवक तथा उसकी भाभी को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई तथा उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर दिया। ग्रामीण स्कार्पियो मालिक तथा चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हालांकि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने कर शांत कराने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के करसघाट गांव निवासी गौरी राम का पुत्र मुकेश राम अपनी भाभी सुमन देवी को रक्षा बंधन के दिन उनके मायके लेकर गया था। अपने भाई को राखी बांधने के बाद अगले दिन सोमवार को सुमन देवी अपने देवर मुकेश राम के साथ बाइक से अपनी ससुराल लौट रही थीं। अभी ये लोग सिपौली गांव के समीप पहुंचे ही थे कि तेज गति से आ रही एक स्कार्पियो ने बाइक को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही बाइक चला रहे मुकेश राम की मौत हो गई तथा बाइक पर बैठीं सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जाता है कि हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस को आक्रोशित लोग शव को उठाने नहीं दे रहे थे। आक्रोशित लोग स्कार्पियो मालिक तथा चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हाईवे जाम करने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। हालांकि बाद में मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार साह ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों के शांत होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के बाद चालक स्कार्पियो लेकर भाग निकला। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इनसेट
इसी साल हुई थी बड़े भाई की शादी
हादसे के शिकार बने मुकेश राम के बड़े भाई की शादी इसी साल रामपुर गांव निवासी सुमन देवी के साथ हुई थी। शादी के समय उपहार में इन्हें बाइक भी मिली थी। बताया जाता है कि शादी में पहले रक्षा बंधन पर सुमन देवी अपने मायके जाकर अपने भाई को राखी बांधने की बात ससुराल के लोगों से कही। अपनी भाभी की इच्छा को देखते हुए मुकेश कुमार शादी में उपहार में मिली बाइक पर बैठा कर अपनी भाभी को रक्षा बंधन के दिन रविवार को उनके मायके ले गए थे। मायके में रक्षा बंधन का पर्व मनाने के बाद सोमवार को देवर मुकेश कुमार तथा उनकी भाभी सुमन देवी बाइक से अपने घर लौट रही थीं। लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था।