Bihar Local News Provider

बरौली : मायके से ससुराल जा रही महिला का गला रेत 1.25 लाख की लूट

बरौली-जामो पथ पर नंदपुर गांव के समीप गुरुवार की रात मायके से अपने पति के साथ बाइक से अपनी ससुराल सिवान जिले के सैदपुर बाजार जा रहीं एक महिला का गला रेत कर अपराधियों ने उनके पास मौजूद 1.25 लाख रुपया लूट लिया। इस दौरान पति के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने घायल महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में भर्ती कराया। जहां महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। महिला का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि सिधवलिया थाना क्षेत्र के लड़ौली गांव निवासी मोहम्मद रहीम की पुत्री गुलशन परवीन की शादी सिवान जिले के गोरिया कोठी थाना क्षेत्र के सैदपुरा बाजार निवासी मासूम हैदर से हुई है। ये अपने मायके आई हुई थीं। गुरुवार की रात ये अपने पति के साथ बाइक से अपनी ससुराल सैदपुर बाजार जा रही थीं। तभी बरौली-जामो पथ पर नंदगांव के समीप अपराधियों ने इन्हें रोक लिया तथा गुलशन परवीन के पास मौजूद 1.25 लाख रुपया छीनने लगे। जिसका विरोध करने पर इनका गला रेत कर उनके पास मौजूद रुपया लूट कर अपराधी फरार हो गए। अपराधियों के फरार होने के बाद पति के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना को लेकर महिला का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।