Bihar Local News Provider

हथुआ: जर्जर सड़क व जले ट्रांसफॉर्मर बदलने को लेकर लाइन बाजार में प्रदर्शन

जर्जर सड़क पर जलजमाव व पावर ग्रिड के जले ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदलने से नाराज सैकड़ों बाजारवासियों ने रविवार को लाइन बाजार में जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। जिसके चलते घंटों आवागमन बाधित रहा। जर्जर सड़क पर जलजमाव में खड़े होकर प्रदर्शनकारी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों व बिजली कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पावर ग्रिड परसौनी का ट्रांसफॉर्मर पिछले 2 माह से जला पड़ा हुआ है। जिसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पा रही है। प्रत्येक दिन उपभोक्ता उमस में जीने को विवश हैं। कई बार लिखित शिकायत करने के बाद भी बिजली कंपनी के अधिकारी इस समस्या का अबतक निदान नहीं कर सके हैं। वहीं बथुआ से मीरगंज जाने वाली व उचकागांव से बड़का गांव जाने वाली सड़क लाइन बाजार में जर्जर हो चुकी है। सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस कारण हल्की बारिश में भी जलजमाव हो जाता है। वर्तमान में जलजमाव के चलते महामारी फैलने की आशंका है। अगर संबंधित विभाग इस सड़क की मरम्मति एक सप्ताह के अंदर नहीं कराता है तो बाजारवासी सड़क पर उतरेंगे। वहीं जले ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदलने के खिलाफ आक्रोशित उपभोक्ता बिजली कंपनी के चेयरमैन व अधिकारियों का बीच बाजार में पुतला दहन करेंगे। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप था कि बथुआ बाजार जाने वाले पथ में राजकीय मध्य विद्यालय लाइन बाजार के समीप से लेकर कब्रिस्तान तक व लाइन बाजार स्थित जमसर उपवितरणी नहर पुल से बड़कागांव जाने वाले पथ का निर्माण कार्य कराने में विभाग सौतेलापन व्यवहार कर रहा है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पैकौली बदो ग्राम पंचायत के सरपंच अशोक मिश्र, शिक्षक प्रेम किशोर गुप्ता, पूर्व मुखिया सुशीला देवी के पति मोहन जी सन्यासी व राजद नेता हरेराम सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता करते हुए आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही जाम हटवाया। इसके बाद आवागमन सुचारु हुआ। प्रदर्शनकारियों में परशुराम प्रसाद, तुलसी प्रसाद, हृदया प्रसाद गुप्ता, कमलेश, अशोक प्रसाद गुप्ता, कृष्णा प्रसाद गुप्ता, रामविलास शर्मा, सत्येंद्र कुमार गुप्ता, हरेराम प्रसाद गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, रंजीत कुमार गुप्ता, आदित्य सुमन प्रसाद गुप्ता, डॉक्टर सुरेंद्र गुप्ता, तूफैल अलि, कृष्णा सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, नन्हे सिंह व रामनरेश सिंह सहित कई लोग शामिल थे।