Bihar Local News Provider

कुचायकोट: बलथरी में वृद्ध की गला दबाकर हत्या

कुछ महीने पहले आपसी विवाद को लेकर एक युवक की चाकू घोंप कर की गई हत्या का बदला लेने के लिए एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी गांव में एक वृद्ध अपने घर के बाहर लगे चापाकल पर पानी पी रहे थे। तभी वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हत्यारों के शिकार बने वृद्ध के परिजनों ने अपने ही गांव के चार लोगों पर मामला दर्ज कराया है। जिनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है उनमें उस युवक के पिता भी शामिल हैं, जिसकी चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई थी। युवक की हत्या में वृद्ध का पुत्र तथा पोता जेल में बंद हैं। हत्या के बदले वृद्ध की हत्या करने से बलथरी गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
http://gopalganj.org/phulwariya/wine-recovered-from-two-cars-labeled-army-cantene/
बताया जाता है कि बलथरी गांव निवासी त्रिलोकी शाही के परिवार का अपने ही गांव के निवासी पुष्पेंद्र शाही के परिवार के साथ काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद को लेकर बीते 17 अक्टूबर धनतेसर के दिन त्रिलोक शाही तथा पुष्पेंद्र शाही के पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। मारपीट को लेकर दोनों पक्ष ने थाना में आवेदन दिया था। लेकिन इस बीच कुछ लोगों ने बीच बचाव कर मामला को सुलझाने की पहल की। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने थाना में पहुंच कर सुलह कर लिया। लेकिन थाना से निकलने के बाद फिर उनके बीच विवाद हो गया तथा मारपीट होने लगी। इस दौरान पुष्पेंद्र शाही के पुत्र पीयूष शाही की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। इस हत्या कांड में त्रिलोक शाही के पुत्र मुन्ना शाही व पोते ऋषि शाही सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने मुन्ना शाही तथा इनके पुत्र ऋषि शाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पिता-पुत्र दोनों अभी भी जेल में हैं। इसी बीच शनिवार की सुबह त्रिलोक शाही अपने घर के बाहर लगे चापाकल पर पानी पीने पहुंचे। वे पानी पी रहे थे कि तभी कुछ लोग वहां पहुंच गए तथा त्रिलोक शाही की गला दबाकर हत्या कर दी।