Bihar Local News Provider

बैकुंठपुर: सात पाप गिनाकर सीएम ने विरोधियों को दिया करारा जवाब

बैकुंठपुर के मानटेंहराही में पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्धाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए विरोधियों को करारा जवाब दिया। राजद के न्याय यात्रा भी खूब निशाना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोई सोच नहीं सकता था कि बिहार में कोई शराबबंदी लागू कर सकता है। शराबबंदी लागू किया गया तो इसके खिलाफ खूब बोला गया। शराबबंदी को फेल करने का प्रयास किया गया। कुछ लोग शराबबंदी को लेकर मेरा मजाक उड़ा रहे हैं। लेकिन मैं शराब बंदी को लेकर कोई समझौता नहीं करने वाला हूं। शराब बंदी से गरीबों के घर खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि हत्या करने पर आजीवन कारावास तथा फांसी की सजा है। उन्होंने सवाल किया कि हत्या बंद हो गई है क्या। लेकिन इसके बाद भी कड़ाई से इस कानून का पालन किया जाता है। शराबबंदी में कुछ सरकारी कर्मी भी इधर उधर कर रहे हैं। कोई को जेल भेजा गया है। ऐसे लोगों पर आगे भी कार्रवाई होती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार न्याय के साथ विकास का काम कर रही है। हर तबके का विकास किया जा रहा है। विकास को सामाजिक सरोकार से जोड़ा गया है। महात्मा गांधी के बताए सात पाप को गिनाते हुए उन्होंने विपक्षियों को आइना दिखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में बने सरदार पटेल भवन पर बापू के बताए सात पाप को मैंने लिखवाया है। महात्मा गांधी ने कहा था कि बिना सिद्धांत के राजनीति करना सामाजिक पाप है। आज ऐसे लोग न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। बापू ने दूसरा सामाजिक पाप बिना कमाए धन अर्जित करना पाप है। जनता की सेवा करने के लिए ताकत हासिल करने वाले धन अर्जित करने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि चरित्र के बिना ज्ञान, नैतिकता के बिना व्यापार, मानवता के बिना विज्ञान तथा त्याग के बिना पूजा भी सामाजिक पाप है।
शिक्षा में बिहार का गौरवशाली अतीत है:
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में बिहार को गौरवाशाली अतीत रहा है। नालंदा विश्वविद्यालय ने पूरे विश्व में ज्ञान फैलाया था। बिहार के लोग काफी मेधावी हैं। हर क्षेत्र में बिहार के लोग आगे हैं। सरकार बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने की दिशा में काम कर रही है।
ब्रजकिशोर बाबू को याद कर भावुक हुए सीएम:
ब्रजकिशोर सिंह राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्धाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ब्रजकिशोर बाबू को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ब्रजकिशोर बाबू से मेरा घनिष्ट संबंध था। 1984 मैँ जब एमएलए बना उस समय ब्रजकिशोर बाबू मंत्री थे। समता पार्टी का मैंने गठित किया तो उनका मुझे पूरा सहयोग मिला। वे विधायक से इस्तीफा देकर जेपी आंदोलन में शामिल हुए थे। ब्रजकिशोर बाबू व्यक्तित्व के धनी थे। जीवन भर जनता की सेवा करते रहे।
कॉलेज परिसर में सीएम ने लगाए पौधे:
ब्रजकिशोर सिंह राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्धाटन करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कॉलेज परिसर में पौधे लगाए। इस दौरान मुख्यमंत्री को आगमन को लेकर छात्र छात्राओं को काफी उत्साह रहा। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार अंजनी सिंह, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार, भवन निर्माण विभाग की निदेशक हरजीत कौर, सारण आइजी, डीआइजी, आयुक्त, जिलाधिकारी अनिमेष कुमार पराशर, एसपी राशीद जमा, पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, सहित काफी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
जीविका समूह को दिया 20 करोड़ का चेक:
पॉलीटेक्निक कॉलेज के उद्धाटन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका समूहों को 20 करोड़ का चेक दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को अपना आर्थिक विकास करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ काम करने का आह्वान किया।
एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाएंगे:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार तकनीकी शिक्षण संस्थान खोलने के साथ ही युवाओं को बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। बिहार के सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज खोले जा रहे हैं। पूरे देश में युवकों के कौशल विकास के लिए काम चल रहा है। बिहार में भी इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सरकार ने एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने की लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में तकनीकी शिक्षण संस्थान की कमी थी। बिहार के युवाओं को इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए बाहर जाना पड़ता था। लेकिन अब बिहार के युवाओं को पढ़ने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सात निश्चय कार्यक्रम के तहत बिहार के सभी जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज, पैरा मेडिकल कॉलेज तथा सभी सब डिविजन में एक एएनएम ट्रेनिंग स्कूल भी खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में नर्स की कमी है। केरल से पूरी दुनिया में नर्स काम करने जाती हैं। अब बिहार की नर्सिंग स्कूल खोला जा रहा है। बिहार की लड़कियों को देश ही नहीं पूरी दुनिया में रोजगार मिलेगा। पहले बिहार के 12 प्रतिशत बच्चे स्कूल से बाहर थे। अब स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों की संख्या एक प्रतिशत से भी कम रह गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में इंटर के बाद मात्र 13 प्रतिशत बच्चे आगे की पढ़ाई कर पाते है। जबकि राष्ट्रीय औसत 24 प्रतिशत है। इसका एक कारण गरीब भी है। गरीबों के बच्चे आगे पढ़ सकें इसके लिए सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू किया है। इस योजना के तहत सामान्य बच्चों को 4 प्रतिशत तथा लड़कियों, दिव्यांग तथा ट्रांसजेंडर को एक प्रतिशत ब्याज पर चार लाख तक का सरकार ऋण दे रही है। पहले बैंक ऋण देने के लिए तैयार नहीं होते थे। जिससे देखते हुए सरकार ने शिक्षा वित्त निगम से ऋण देने की व्यवस्था की है। अब हाईस्कूल के बाद पॉलीटेक्निक करने वाले बच्चे भी इस योजना से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विकास का कार्य कर रही है। पहले बिजली के ट्रांसफार्मर में मवेशी बांधे जाते थे। लोगों को यह पता रहता था कि बिजली नहीं आएगी। अब बिहार के हर गांव- हर टोला का विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। गरीबों के घरों में बिजली पहुंच गई है। सरकार हर घर में नल का जल, गली नाली पक्कीकरण की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में विपक्षियों पर निशाना साधा तथा लोगों को सोशल मीडिया के प्रति सचेत रहने को भी कहा। उन्होंने कहा कि तथाकथित लोग सोशल मीडिया पर गाली दे रहे हैं और लोगों के बीच तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सात सामाजिक पाप बताया था। बिना सिद्धांत के राजनीति करना पाप है। बिना काम किए धन अर्जित करने को भी महात्मा गांधी ने पाप बताया है। उन्होंने सवाल किया कि बिना काम किए कौन पैसा कमाएगा। जिन्हें मौका मिला था जनता की सेवा करने के लिए वे धन अर्जित करने में लग गए। समारोह को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जयकुमार सिंह, सांसद जनक राम, विधायक मिथेलेश तिवारी, पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।