Bihar Local News Provider

गोपालगंज: 13 डिग्री रहा रात का पारा, सुबह कोहरे ने दी दस्तक

गर्मी से लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार ठंड ने अपनी जगह बना लिया है। उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे सुबह और शाम ठंड का अहसास स्थाई होता नजर आने लगा है। गुरुवार की सुबह घने कोहरे के प्रकोप ने परेशानी को और बढ़ा दिया। मौसम विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक अब यह सिलसिला जारी रहेगा।
तापमान के गिरने का सिलसिला चार दिन पहले से शुरू हुआ, लेकिन यह गिरावट इतनी तेज होगी, इसका अंदाजा मौसम विशेषज्ञों को भी नहीं था। 20 नवंबर को विगत दिन के मुकाबले काफी नीचे गिर गया। यह क्रम 21 नवंबर को भी जारी रहा और रात का तापमान गिरकर 13 डिग्री तक पहुंच गया। 48 घंटे में रात के तापमान में लगातार गिरावट से मौसम के अचानक बदलाव आया है। ऐसे में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें उत्तर-पश्चिम में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनने के बाद हवाएं पश्चिम से पूरब की ओर लगातार चल रही हैं, यही वजह है कि तापमान में तेजी से गिरावट आई है। यह सिलसिला अभी दो दिन और चलने की संभावना है। उसके बाद जब हवाओं का वेग कम होगा तो तापमान में भी स्थिरता आएगी। बहरहाल पिछले पांच दिन में रात के तापमान में तीन डिग्री तक की कमी दर्ज की गई है। इसके अगले 48 घंटों में और कमी आने की संभावना है। तापमान में गिरावट के बीच गुरुवार की सुबह घने कोहरे का भी असर दिखा। करीब तीन घंटे तक कोहरे का जारी प्रकोप सुबह के आठ बजे समाप्त हुआ। ऐसे गिरा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि न्यूनतम तापमान
16 नवंबर 15.6
17 नवंबर 15.0
18 नवंबर 14.1
19 नवंबर 14.2
20 नवंबर 14.0
21 नवंबर 13.1