Bihar Local News Provider

मिरअलीपुर अपहरण कांड: बहनें बरामद नहीं हुई तो चक्का जाम होगा

थावे थाना क्षेत्र के मीरअलीपुर गांव से खरीदारी करने शहर आई तीन सगी बहनों के अगवा होने के चार दिन बाद भी उनकी बरामदगी नहीं होने से अब लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अगवा तीन बहनों की बरामदगी को लेकर शहर में जुलूस निकाल कर मौनिया चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पुलिस प्रशासन का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। इस दौरान 48 घंटे के अंदर अगवा बहनों को बरामद करने को लेकर पुलिस प्रशासन को दिया गया। 1यह एलान किया गया कि अगर 48 घंटे के अंदर अगवा बहनों को पुलिस ने सकुशल बरामद नहीं किया तो जन अधिकारी पार्टी के कार्यकर्ता शहर का चक्का जाम कर देंगे। इस मौके पर अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि स्थानीय पुलिस अगवा बहनों को सकुशल बरामद करने की जगह गलत बयानबाजी कर रही है। पुलिस इस मामले में लीपा-पोती कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार में महिलाएं तथा लड़कियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। आए दिन बलात्कार तथा लड़कियों के अपहरण के मामले सामने आ रहे हैं। अपने संबोधन में प्रदेश महासचिव नेयाज अहमद ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपने कार्य के प्रति लापरवाही बरत रहा है। अगर 48 घंटे के अंदर अगवा तीनों बहनों को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय को बंद कराकर चक्का जाम किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुजीत कुमार बादल, पिंटू यादव, चंदन सिंह, अनूप यादव, जावेद अली, सुनील सिंह, अबुल हसन सोनू, संतोष, गुफरान अख्तर, साजिद अख्तर, अजय पासवान, राकेश कुमार, अनिल पासवान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।