Bihar Local News Provider

गोपालगंज: खूब मना जश्न, नव वर्ष की उमंग में डूबे रहे लोग

मंगलवार को कड़ाके की ठंड के बीच नव वर्ष के उमंग में लोगों ने खूब जश्न मनाया। नव वर्ष 2019 के आगमन पर लोगों में गजब का उत्साह रहा। पौ फटते ही जिले के लोग नए साल की उमंग में डूबने लगे। थावे मंदिर में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने मां भवानी का दर्शन कर नए साल में सूख, शांति, समृद्धि की कामना की। पूरे दिन पिकनिक मनाने के लिए मंदिर परिसर से सटे थावे जंगल में लोगों का हुजूम लगा रहा।
मंगलवार को नव वर्ष के आगमन के उल्लास में थावे में पहुंचकर पिकनिक मना रहे लोगों में गजब का उत्साह था। इन लोगों पर कड़ाके की ठंड का असर मानों हो ही नहीं रहा था। एक तरफ महिलाएं और पुरूष पकवान बनाने में जुटे थे तो दूसरी तरफ युवा फिल्मी व भोजपुरी गीतों पर थिरक रहे थे। जगह-जगह डीजे पर बज रहे डिस्को और भोजपुरी गीतों पर थिरकते लोगों के बीच पूरा जंगल परिसर मस्ती के आलम में डूबा नजर आया। दोपहर होते-होते जंगल में हजारों लोग पिकनिक मनाने के लिए पहुंच गए थे। यहां पिकनिक मनाने पहुंचने वाले लोगों में जिले के अलावा पड़ोसी जिला सिवान और उत्तर प्रदेश के पड़रौना जिले के लोग भी शामिल रहे। पूरे दिन थावे दुर्गा मंदिर परिसर में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं जंगल भी नए साल के आगमन के उत्साह में गुलजार रहा। वैसे नए साल के स्वागत की तैयारी जिलावासियों ने दो दिन पूर्व से ही प्रारंभ कर दिया था। अलविदा हुए 2018 को विदाई देने के लिए अपने-अपने मिजाज के अनुसार पकवान बना कर देर रात लोग लुत्फ उठाते रहे। जैसे ही घड़ी की सूई जैसे ही रात के 12 पर पहुंची, नव वर्ष के स्वागत में पटाखे गूंजने लगे। इसी के साथ मोबाइल की घंटी घनघनाने लगी और नए साल की शुभकामना देने का सिलसिला भी प्रारंभ हो गया। जो मंगलवार को पूरे दिन चलता रहा।