Bihar Local News Provider

भोरे: बाइक सवार तीन अपराधियों ने युवक को मारी गोली

भोरे थाना क्षेत्र के कवलरहीं गांव में शनिवार को घर से बाहर बुलाकर एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना का कारण जमीन संबंधित विवाद बताया जाता है। घायल युवक के खिलाफ हत्या, लूट, दुष्कर्म सहित आधा दर्जन मामले विभिन्न थाना में दर्ज हैं। इस घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि कवलरहीं गांव का निवासी भरत सिंह के खिलाफ विभिन्न थाना में हत्या, लूट, दुष्कर्म सहित आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। शनिवार की सुबह भरत ¨सह अपने घर में था। तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी उसके घर के पास पहुंच गए। एक अपराधी बाइक के पास खड़ा रहा तथा दो अपराधी दरवाजे के पास जाकर भरत ¨सह को बुलाने लगे। जैसे ही भरत सिंह अपने घर से बाहर आया अपराधियों ने उसे गोली मार दिया। पेट में दो गोली लगने से भरत सिंह जमीन पर गिर गया। इस घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी बाइक पर सवार होकर दक्षिण दिशा की तरफ फरार हो गए। बताया जाता है कि अपराधियों के फरार होने के बाद परिजन तथा ग्रामीण घायल को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भोरे ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। इस बीच अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल का फर्द बयान दर्ज किया। जिसमें घायल ने भोरे थाना क्षेत्र के डूमर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह पर गोली मरवाने की आशंका जताई है। उसने पुलिस को यह भी बताया है कि उसका वीरेंद्र सिंह से जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।