Bihar Local News Provider

बरौली: किशोरी की हत्या कर शव को बगीचे में फेंका

बरौली थाना क्षेत्र के मोगल बिरिचा गांव में एक 17 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव को बगीचे में फेंक दिया गया। शनिवार की सुबह बगीचे में किशोरी का शव पड़ा देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सदस्य घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। हालांकि किशोरी की हत्या की गई है या उसने आत्महत्या की है इस संबंध में कुछ भी बताने से पुलिस यह कह कर परहेज कर रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद भी सही स्थित का पता चलेगा।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह मोगल बिरिचा गांव के समीप स्थित बगीचे में गए कुछ ग्रामीणों ने इस गांव के निवासी वीरेंद्र यादव की पुत्री 17 वर्षीय अनिता कुमारी का शव पड़ा हुआ देखा। शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई। मृत किशोरी के गले में निशान था। इसका दुपट्टा भी कटा हुआ था। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि किशोरी की हत्या कर उसका शव बगीचे में लाकर फेंक दिया गया है। किशोरी का शव गांव के बगीचे में पड़े होने को लेकर ग्रामीणों के बीच चर्चा का बाजार गरम हो गया है। इन चर्चाओं के अनुसार शुक्रवार की रात इस किशोरी के साथ मारपीट की गई थी। किशोरी की शादी 25 जून को तय थी। मृतका के परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के गले पर दाग का निशान था। परिजन घर छोड़कर गायब है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद किशोरी की हत्या की गई है या उसने आत्महत्या की है इसका पता चलेगा। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।