Bihar Local News Provider

कटेया- मिट्टी धंसने से किशोरी की मौत, तीन अन्य घायल

कटेया थाना क्षेत्र के मिट्टी खोदकर लाने के लिए निकली महिलाओं पर मिट्टी धंस कर गिरने से एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में घंटों चीख पुकार मची रही। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह कटेया थाना क्षेत्र के लोहटी गांव की दो महिलाएं व दो अन्य किशोरी घर से मिट्टी लाने के लिए अपने गांव के समीप स्थित राजापुर गांव की ओर गई थी। चारों राजापुर में पहुंचकर पूर्व से खोदे गए मिट्टी के गड्ढे के अंदर प्रवेश कर मिट्टी निकाल रही थी। इसी बीच अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला उनके शरीर पर गिर पड़ा। मिट्टी गिरने से चारों उसके अंदर दब गई। चारों महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तेजी से उनके शरीर पर गिरे मिट्टी के हटाया। जबतक लोग मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकालते इस घटना में लोहटी गांव के मोहन भगत की 16 वर्षीया पुत्री निशा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। निशा कुमारी के अलावा उसके साथ मिट्टी लाने के लिए गई 45 वर्षीया मीना देवी, 16 वर्षीया रंभा कुमारी तथा 50 वर्षीया बीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां बीना देवी नामक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में घंटों चीख पुकार मची रही।