Bihar Local News Provider

उचकागांव: भूमि विवाद को ले महिला को गोली मारी, हालत गंभीर

थाना क्षेत्र के झीरवां पंचायत अंतर्गत श्यामपुर गांव में शनिवार की रात्रि बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार लोगों ने एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में घायल महिला के पुत्र बाल-बाल बच गए। आसपास के लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखकर उसे गोरखपुर रेफर कद दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुदामा चौधरी की 65 वर्षीय पत्नी फुलझरी देवी शनिवार की रात्रि अपने बेटे श्रीराम चौधरी के साथ घर से बाहर बरामदे में बैठी थी। इसी बीच दो बाइक पर सवार होकर चार लोग महिला के दरवाजे पर पहुंचे तथा गोली चलानी शुरू कर दी। इस घटना में फुलझरी देवी को गोली लगने के कारण वह वहीं गिर गई। जबकि उनके पुत्र श्रीराम चौधरी ने भागकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के बाद दोनों बाइक पर सवार चारों अपराधी भाग निकलने में सफल हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौजूद पर पहुंचे तथा घायल अवस्था में फुलझरी देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत चिंताजनक देखकर उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना का कारण सुदामा चौधरी के परिवार और राधाकृष्ण चौधरी के परिवार के बीच पूर्व से चला आ रहा भूमि व अतिक्रमण का विवाद बताया जाता है। घटना को लेकर श्रीराम चौधरी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें राधाकिशन चौधरी, उनके बेटे कंचन यादव, भतीजा सुमन यादव और भाई दीना चौधरी को नामजद आरोपित बनाया गया है। कांड दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।