Bihar Local News Provider

फुलवरिया: मुखिया पति सहित छह पर मारपीट की प्राथमिकी

मनरेगा योजना में बगैर काम कराए पैसों का उठाव करने के संबंध में वरीय अधिकारियों को शिकायत दर्ज करने पर दो लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। इस संबंध में घायल व्यक्ति के बयान पर मुखिया पति सहित छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में फुलवरिया थाना क्षेत्र के लछन टोला गांव के मणिसेन मांझी ने आरोप लगाया है कि उनके पंचायत में मनरेगा के तहत चयनित की गई पांच योजनाओं में बगैर काम कराए मुखिया पति दिनेश मांझी ने पैसों का उठाव कर लिया था। इस बात की जानकारी होने के बाद उन्होंने इस संबंध में वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस बात की जानकारी होने के बाद मुखिया पति व उनके साथ आए लोग दिए गए शिकायत को वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। जब उसने इस बात से इन्कार किया तो सभी लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। उसे बचाने जब पत्नी पहुंची तो उसे भी घायल कर दिया गया। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में दिनेश राम के अलावा उमेश राम, राजेश राम, राजकोकिल राम, सुकदेव राम तथा रवींद्र राम को नामजद आरोपित बनाया गया है। ज्ञातव्य है कि दिनेश राम की पत्नी तथा मुखिया मंजू देवी ने भी बुधवार को मारपीट के आरोप में मणिसेन मांझी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।