Bihar Local News Provider

गोपालगंज: फल व्यवसायी हत्याकांड में मां-बेटे सहित पांच पर प्राथमिकी

थाना क्षेत्र के लछवार गांव में फल व्यवसायी की मारपीट कर हत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी ने तीन महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
लछवार गांव निवासी सुनील गिरी का थावे दुर्गा मंदिर परिसर में फूल की दुकान थी। इस दुकान पर सुनील गिरी तथा उनके भाई राकेश गिरी बैठते थे। सुनील गिरी के भाई राकेश गिरी ने अपने ही गांव के निवासी मुन्ना गिरी को कुछ समय पहले नौ हजार रुपया कर्ज के रूप में दिया था। इसी बीच रविवार को मुन्ना गिरी तथा उनके भाई उमेश गिरी फिर पांच हजार रुपया कर्ज मांगने के लिए सुनील गिरी की दुकान पर गए। उस समय दुकान पर इनके भाई राकेश गिरी बैठे थे। इन्होंने पूर्व में दिए गए कर्ज वापस नहीं करने की बात कह रुपया देने से मना कर दिया। मना करने के बाद फिर शाम को मुन्ना गिरी सुनील गिरी की दुकान पर पहुंचा तथा आवश्यक कार्य बता कर दो सौ रुपया मांगने लगा। उस समय दुकान पर सुनील गिरी बैठे थे। इन्होंने ने भी पहले का कर्ज चुकता नहीं करने कि बात कर दो सौ रुपया देने से इन्कार कर दिया। जिस पर मुन्ना गिरी वहां से चला गया। रात मे दुकान बंद कर सुनील गिरी अपने घर लौट रहे थे। वे मुन्ना गिरी के घर के सामने से गुजर रहे थे। उस समय रुपये को लेकर मुन्ना गिरी, उसका भाई उमेश गिरी तथा मां विनोद देवी आपस में झगड़ा कर रहे थे। तभी उनकी नजर सुनील गिरी पर पड़ी। उन्होंने आपस में झगड़ा बंद कर सुनील गिरी को रोक कर लाठी डंडा से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में गंभीर रूप से घायल सुनील गिरी का परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतक की पत्नी चंदा देवी ने अपने ही गांव निवासी उमेश गिरी, उसके भाई मुन्ना गिरी, मां विनोद देवी, संजू देवी, किरण देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।