Bihar Local News Provider

थावे: विद्यालय में हथियार लेकर पहुंचे युवकों ने छात्राओं से की छेड़खानी

प्रशासनिक स्तर पर तो स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के दावे किए गए थे। लेकिन प्रखंड मुख्यालय स्थित मुखीराम हाई स्कूल में तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए करीब बीस की संख्या में युवक पिस्तौल लिए पहुंच गए। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय पहुंचने के बाद युवकों ने न केवल हंगामा मचाया, बल्कि विद्यालय की छात्राओं के साथ छेड़खानी भी की। तत्काल विद्यालय प्रबंधन ने घटना की सूचना थावे थाने की पुलिस को दी। इसके पूर्व कि थावे थाने की पुलिस मौके पर पहुंचती, युवक विद्यालय से भाग निकलने में सफल हो गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मुखीराम हाई स्कूल परिसर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच करीब बीस की संख्या में युवक अचानक विद्यालय के मुख्य गेट के रास्ते बाइक लेकर प्रवेश कर गए। आते ही युवकों ने छात्र-छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। इस बीच धक्का मुक्की करते युवक छात्राओं की ओर बढ़ने लगे तथा कुछ छात्राओं के साथ छेड़खानी भी की। जबतक विद्यालय के शिक्षक तथा प्राचार्य कुछ समझ पाते विद्यालय में पहुंचे युवकों ने हो-हल्ला शुरू कर दिया। घटना की सूचना विद्यालय के प्राचार्य अखिलेश्वर मिश्रा ने स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थावे थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, एसआइ राजीव कुमार सिन्हा और एएसआई रामकुमार रंजन के साथ भारी संख्या में पुलिस विद्यालय परिसर में पहुंच गए। तबतक सभी युवक मौका देखकर भाग निकलने में सफल हो गए। पुलिस ने थावे बस स्टैंड सहित आसपास के इलाके में उन युवकों की धर पकड़ के लिए अभियान भी चलाया। लेकिन किसी भी युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस संबंध में प्रधानाध्यापक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने विद्यालय में असमाजिक तत्वों द्वारा बाइक से पहुंच कर आए दिन अशांति फैलाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने स्थानीय पुलिस से विद्यालय की ओर दिन में भी गश्त करने की मांग की है। ताकि विद्यालय सुरक्षित रह सके।