Bihar Local News Provider

बैकुंठपुर: दिल्ली से पैदल चलकर बैकुंठपुर पहुंचे दर्जनों लोग

कोरोना के कारण लॉकडाउन के आदेश के बाद रविवार को दिल्ली से सात दिन पूर्व चले मजदूर प्रखंड के दिघवा के समीप पहुंच गए। सीमावर्ती जिलों के निवासी सभी मजदूर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। इस बीच स्थानीय लोगों ने सीओ को इस बात की सूचना की। मौके पर पहुंचे सीओ पंकज कुमार ने दिल्ली से लौट रहे मजदूरों से पूछताछ की।
 
सीओ ने बताया कि सभी मजदूर 22 मार्च को दिल्ली से अपने घर जाने के लिए पैदल ही निकले हैं। वे लोग दिल्ली के संत नगर में रहकर मजदूरी करते थे। इसी दरम्यान कोरोना वायरस से बचाव को लेकर सरकार ने पूरे देश में लॉक डाउन लागू कर दिया। उनके रहने व खाने की समस्या बढ़ने के बाद सभी मजदूर कंधे पर बैग उठाकर अपने गांव सारण जिले के पंचरौर के लिए निकल पड़े। सीओ ने बताया कि मजदूरों को हाईवे से गुजर रहे एक वाहन को रोककर उससे सारण के लिए भेज दिया गया। साथ ही सारण जिला प्रशासन को भी इस बात की सूचना दे दी गई है।
[the_ad id=”11918″]
मजदूर बोले – फैक्ट्री बंद होने के बाद खाने की बढ़ गई थी समस्या :
दिल्ली से लौट रहे मजदूरों से जब उन्हें दिल्ली छोड़कर घर लौटने के की विवशता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में वे मजदूर के रूप में कार्य करते थे। फैक्ट्री बंद होने के बाद उनके समक्ष खाने की समस्या पैदा हो गई है। मजदूर रूपेश यादव, गुड्डू यादव, जितेंद्र यादव ने बताया कि लगातार समस्या बढ़ने के बाद उन्होंने घर लौटने का फैसला किया। आने-जाने के लिए कोई भी साधन नहीं होने के कारण सभी लोग पैदल ही घर की ओर निकल गए तथा सातवें दिन रविवार को यहां पहुंचे हैं।