Bihar Local News Provider

भोरे: छापेमारी में चर्चित सुरेंद्र हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

प्रखंड मुख्यालय भोरे में पुलिस ने छापेमारी कर चर्चित सुरेंद्र राम हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में शामिल पांच अन्य आरोपित अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
भोरे थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में वार्ड सदस्य के पति सुरेंद्र राम की उसी गांव के आधा दर्जन लोगों ने फरसा से काट कर हत्या कर दी थी। वारदाता का कारण महिलाओं से छेड़खानी करने का विरोध करना था। सुरेंद्र राम के घर की दो महिलाएं नौ जून की रात आठ बजे खेत की तरफ गई थीं। जहां पहले से मौजूद लोगों ने उनके साथ छेड़खानी किया। घर आकर महिलाओं ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दिया। जिस पर परिजन विरोध जाने पहुंच गए। इस दौरान विद्यासागर राम सहित छह लोगों ने सुरेंद्र राम की फरसा से काट कर हत्या कर दिया। इस वारदात को लेकर मृतक के भाई रमण राम के बयान पर भोरे थाना में कांड संख्या 197/19 दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपित फरार चल रहे थे। इसी बीच इस केस के जांच कर्ता दारोगा शशिरंजन प्रसाद ने गुप्त सूचना के आधार पर भोरे में छापेमारी कर मुख्य आरोपित विद्यासागर राम को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ करने के बाद पुलिस ने इसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।