Bihar Local News Provider

गोपालगंज : शीतलहर की चपेट में आया जिला, तापमान गिरा

वैसे तो दिसंबर माह की शुरुआत से ही ठंड का असर दिख रहा है। लेकिन पिछले दो दिन से लगातार रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार की रात ठंड का असर कुछ अधिक ही रहा। इस बीच सर्द हवा के प्रकोप के कारण मंगलवार की तड़के तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह आसमान में छाए बादल और तेज हवा के कारण लोगो का घर से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर समय तक धूप नहीं निकलने के कारण ठंड का असर पूरे दिन दिखा। सर्द हवाओं के कारण पूरा जिला शीत लहर की चपेट में आ गया। तेज सर्द हवा के कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दिन के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
[the_ad id=”10743″]
सोमवार की शाम से ही पूरे जिले में ठंड का असर अचानक बढ़ गया। शाम ढलने के साथ ही सर्द हवाएं चलने लगीं। ऐसे में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई। रात बढ़ने के साथ ही ठंड बढ़ती गई और आधी रात के बाद तापमान नौ डिग्री तक चला गया। मंगलवार की सुबह भी जिले का तापमान नौ डिग्री के आसपास बना रहा। तेज हवा चलने तथा आसमान में बादल के कारण दिन चढ़ने के बाद भी ठंड में कोई कमी नहीं आई। पूरे दिन धूप नहीं निकली और तेज सर्द हवा चलती रही। जिसके कारण लोगों की कंपकंपी छूटती रही। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में दिन में ही ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जलकर उसे तापते दिखे। सिपाया कृषि विभाग केंद्र के मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक जिले का तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। रात का तापमान भी अगले एक-दो दिन में और गिरकर सात डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा।