Bihar Local News Provider

थावे: अगवा करने के बाद मासूम की हत्या, शव बरामद

थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव से शनिवार को एक मासूम को अगवा करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मासूम का शव रविवार को सिवान जिले के नया गांव नहर के समीप से बरामद किया गया। मृत मासूम के शव का रविवार को दोपहर बाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया जाता है कि थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर गांव के जितेंद्र पड़ित का दो वर्षीय पुत्र आयूष कुमार शनिवार की दोपहर अपने दरवाजे पर खेल रहा था। इसी बीच वह अचानक वह गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद आयूष के बारे में परिवार के लोगों को कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार आयूष के पिता जितेंद्र कुमार ने इस बात की जानकारी थावे थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस गायब बच्चे की तलाश में लग गई। देर रात तक खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई भी सुराग पुलिस को नहीं मिला। इसी बीच रविवार की दोपहर पुलिस को सूचना मिली की मासूम आयूष कुमार का शव सिवान जिले के नया गांव के समीप नहर में मिला है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए तथा मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता के बयान पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। कांड में जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।


Comments

One response to “थावे: अगवा करने के बाद मासूम की हत्या, शव बरामद”

  1. […] आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। (विस्तृत खबर के लिये यहाँ क्लिक करें)  पुलिस ने पकड़े गए आरोपित से काफी देर […]