Bihar Local News Provider

गोपालगंज: आलोक कुमार सुमन डकैती कांड में सिवान का बिल्लू गिरफ्तार

शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार सुमन के घर पड़े भीषण डकैती में शामिल एक और आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नगर थाना पुलिस ने शहर के थावे रोड़ स्थित हुसैन हाउस के समीप छापेमारी कर चिकित्सक डकैती कांड में सिवान के बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। बिल्लू की गिरफ्तार के साथ ही इस डकैती कांड में अब तक तीन सोनार सहित सात आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार किए गए बिल्लू से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बीते छह जून को शहर के थावे रोड स्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.आलोक कुमार सुमन के घर पर 11 की संख्या में डकैतों ने धावा बोल दिया था। डकैतों ने चिकित्सक तथा परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 50 लाख की संपत्ति लूट लिया था। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक राशीद जमा ने पुलिस की विशेष टीम गठित किया। इस डकैती के ढाई महीने बाद पुलिस की विशेष टीम ने हाजीपुर पुलिस के सहयोग से पटना में छापेमारी कर चिकित्सक डकैती कांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इन अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने सिवान से तीन सोनार सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच मंगलवार की देर शाम पुलिस ने इस डकैती कांड में शामिल एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नगर इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम को सूचना मिली कि चिकित्सक के घर डकैती में शामिल सिवान जिले के भगवानपुर हाट निवासी सुरेंद्र महतो उर्फ बिल्लू थावे रोड स्थित एक चिकित्सक के घर कर रेकी करने के लिए आया है। इस सूचना पर विशेष टीम के सदस्य सब इंस्पेक्टर रितेश कुमार सिंह तथा सब इंस्पेक्टर राजरूप राय ने थावे रोड स्थित हुसैन हाउस के समीप छापेमारी कर बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शहर के तीन घरों की रेकी करने आया था बिल्लू:
थावे रोड स्थित एक चिकित्सक के साथ ही दो अन्य घरों की रेकी करने के लिए सिवान के कुख्यात विक्रमा महतो का भाई बिल्लू मंगलवार को शहर में आया था। रेकी करने के बाद यह किस घर को निशाना बनाना है इसकी जानकारी अपने भाई विक्रमा महतो को देने वाला था। इसी बीच बिल्लू के शहर में आने की जानकारी सब इंस्पेक्टर रितेश कुमार सिंह तथा सब इंस्पेक्टर राजरूप राय को लगी। मुखबिरों से सूचना मिलते ही इन्होंने थावे रोड स्थित हुसैन हाउस के समीप छापेमारी कर बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नगर इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि डकैती कांड में शामिल अन्य डकैतों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस कांड में शामिल सभी अपराधी जल्द की गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।