Bihar Local News Provider

गोपालगंज: अस्पताल परिसर में ऑटो चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

शहर के बंजारी रोड़ में पुलिस लाइन के समीप हुए हादसे के बाद घायल को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे एक ऑटो चालक को कुछ लोगों ने अस्पताल परिसर में दौड़ा- दौड़ा कर पीटने लगे। जिससे सदर अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। पीटने वाले घायल ई रिक्शा चालक के पक्ष के थे। वे ऑटो चालक से हादसे में क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को ठीक कराने के लिए रुपया मांग रहे थे। हालांकि बाद में सदर अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने ऑटो चालक को मारपीट कर रहे लोगों के चंगुल से छुड़ा दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह ई रिक्शा चलाता है। गुरुवार को यह शहर में ई रिक्शा पर सवारी बैठा कर जा रहा था। तभी बंजारी रोड़ में पुलिस लाइन के समीप एक ऑटो से ई रिक्शा की टक्कर हो गई। इस टक्कर में ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक राजकुमार सिंह घायल हो गया। बताया जाता है कि हादसे के बाद घायल ई रिक्शा चालक को अपनी ऑटो में बैठाकर चालक राजकुमार साह इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आया। इसी बीच कुछ देर बाद ई रिक्शा चालक के परिचित सदर अस्पताल पहुंच गए और ऑटो चालक से क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को ठीक कराने के लिए रुपया मांगने लगे। जिसे देने से ऑटो चालक ने इन्कार कर दिया। रुपया देने से इन्कार करने पर ई रिक्शा चालक के परिचित ऑटो चालक को पकड़ कर मारने पीटने लगे। इस दौरान ऑटो चालक बचने के लिए इधर उधर भागने लगा। लेकिन उसे दौड़ा- दौड़ाकर पीटा गया। जिससे सदर अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। हालांकि बाद में सुरक्षा कर्मियों ने ऑटो चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ा लिया। इसी बीच सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंच गई। पुलिस घायल ऑटो चालक राजकुमार साह का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।